जौनपुर-रायबरेली एक्सप्रेस के ठहराव की मांग, 20 मिनट रेल पटरी पर प्रदर्शन

जरौना, कटवार और भन्नौर हाल्ट पर ट्रेन रोकने की मांग, जय सिंह अन्ना के नेतृत्व में जुटे यात्री


बरसठी। जौनपुर से रायबरेली जाने वाली ट्रेन संख्या 14201 के जरौना, कटवार और भन्नौर हाल्ट पर ठहराव की मांग को लेकर बुधवार को रेल यात्रियों ने जरौना हाल्ट स्टेशन पर रेल पटरी पर खड़े होकर प्रदर्शन किया। समाजसेवी जय सिंह अन्ना भी यात्रियों के साथ रेल पटरी पर खड़े रहे। उन्होंने यात्रियों की मांग को लेकर उनका समर्थन किया। यात्री सुबह 7:25 बजे से 7:45 बजे तक करीब 20 मिनट तक प्रदर्शन करते रहे।

रेल यात्रियों के अनुसार जरौना हाल्ट से प्रतिदिन करीब 100, जबकि कटवार और भन्नौर हाल्ट से करीब 75-75 यात्री आवागमन करते हैं। मड़ियाहूं और जंघई जंक्शन के बीच प्रतिदिन करीब 400 यात्री इस ट्रेन से यात्रा करते हैं। इनमें जौनपुर कलेक्ट्रेट, दीवानी न्यायालय, अस्पतालों, स्कूल-कॉलेजों में जाने वाले छात्र-छात्राओं, अधिवक्ताओं और दैनिक यात्रियों की संख्या भी काफी है।

यात्रियों का कहना है कि ट्रेन का ठहराव नहीं होने के कारण मजबूरी में चेन पुलिंग करनी पड़ती है। चेन पुलिंग रोकने के लिए फोर्स तैनात की जा रही है और यात्रियों से जुर्माना भी वसूला जा रहा है। यात्रियों ने कहा कि वे ट्रेन का टिकट लेकर यात्रा करने के लिए तैयार हैं और यात्रियों की संख्या भी पर्याप्त है। ऐसे में जरौना, कटवार और भन्नौर हाल्ट पर ट्रेन का ठहराव किया जाना आवश्यक है।

यात्रियों ने बताया कि ट्रेन संख्या 14201 जौनपुर से शाम 4:30 बजे रवाना होकर करीब 5:30 बजे जंघई जंक्शन पहुंचती है। इसके बावजूद तीनों हाल्ट पर ठहराव नहीं होने से स्थानीय यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। यात्रियों ने कहा कि मांग पूरी नहीं होने तक जरौना, कटवार और भन्नौर में आंदोलन जारी रखा जाएगा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट