शिक्षिका नूतन ने दी बधाई :बिहार की मिट्टी से गगनयान तक पहुँचे दीपक कुमार सिंह को मिली बड़ी जिम्मेवारी
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Sep 23, 2026
- 5 views
रोहतास। औरंगाबाद जिले के साम्हुता गांव निवासी श्री दीपक सिंह को इसरो (इसरो) में गगनयान समूह के मानव अंतरिक्ष उड़ान यांत्रिकी प्रभाग (एच.एस.एम.डी.) के प्रमुख की नई जिम्मेदारी मिलने पर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, तिलौथू की सामाजिक विज्ञान की शिक्षिका एवं समाजसेवी नूतन कुमारी ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
श्री दीपक सिंह के पिता श्री अर्जुन सिंह एवं माता श्रीमती ललिता देवी हैं। साधारण ग्रामीण परिवेश से निकलकर अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों तक पहुँचना न केवल उनके परिवार, बल्कि बिहार के लिए भी गौरव की बात है।
नूतन कुमारी ने कहा कि दीपक सिंह की उपलब्धि विशेष रूप से इसलिए प्रेरणादायी है, क्योंकि उनका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, तिलौथू से भी विशेष जुड़ाव रहा है। वर्ष 2024 और 2025 में विद्यालय में इसरो से जुड़े अंतरिक्ष विज्ञान कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनमें इसरो की टीम द्वारा दो दिवसीय अंतरिक्ष प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें जिलेभर से विद्यार्थी एवं शिक्षक पहुँचे और अंतरिक्ष विज्ञान एवं तकनीक से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
इन कार्यक्रमों में इसरो के निदेशक डॉ. निलेश एम. देसाई, वरिष्ठ वैज्ञानिकों तथा दीपक कुमार सिंह की उपस्थिति ने तिलौथू विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए इसे यादगार अवसर बना दिया। डॉ. देसाई का बिहार में प्रथम आगमन तिलौथू विद्यालय में होना भी जिले के लिए गौरव का विषय रहा। इस पूरे आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को यह प्रेरणा मिली कि ग्रामीण परिवेश की प्रतिभाएं भी देश के बड़े वैज्ञानिक अभियानों का हिस्सा बन सकती हैं।
दीपक सिंह वर्ष 2009 से इसरो से जुड़े हैं। उन्होंने जी.एस.एल.वी कार्यक्रम, स्वदेशी क्रायोजेनिक इंजन, NavIC, संचार एवं रिमोट सेंसिंग उपग्रहों सहित अनेक महत्वपूर्ण अंतरिक्ष परियोजनाओं में योगदान दिया है। वर्ष 2019 में उन्हें यंग साइंटिस्ट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। वे गगनयान मिशन के कोर टीम का भी हिस्सा रहे हैं और अब नई जिम्मेदारी के तहत उनकी टीम गगनयान, भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन (बी.ए.एस.) तथा भविष्य के मानव अंतरिक्ष अभियानों के लिए मैकेनिकल सिस्टम के डिजाइन, इंजीनियरिंग एवं इंटीग्रेशन का कार्य करेगी।
नूतन कुमारी ने कहा कि साम्हुता से शुरू होकर इसरो के महत्वपूर्ण दायित्व तक पहुँचा दीपक सिंह का सफर बिहार के विद्यार्थियों के लिए एक जीवंत प्रेरणा है। तिलौथू विद्यालय में इसरो के वैज्ञानिकों का आगमन और अंतरिक्ष प्रदर्शनी आज भी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी स्मृति है। गगनयान जैसे ऐतिहासिक मिशन में नेतृत्वकारी भूमिका मिलना इस प्रेरणा को और मजबूत करता है।
उन्होंने दीपक सिंह के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता से बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों के अनेक बच्चों में विज्ञान, अनुसंधान और अंतरिक्ष क्षेत्र में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास पैदा होगा और जल्द ही दीपक सिंह का आगमन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तिलौथू,सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) में होगा।


रिपोर्टर