भगवानपुर अंचल कार्यालय में ग्रामीणों का हंगामा, कार्य न होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने घंटों अंचलाधिकारी की गाड़ी को रोका
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Aug 26, 2026
- 50 views
संवाददाता सिगासन सिंह यादव की रिपोर्ट
भभुआं(कैमूर)----- अनुमंडल क्षेत्र के भगवानपुर अंचल कार्यालय में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब नाराज ग्रामीण महिला और पुरुषों ने अंचलाधिकारी की गाड़ी को घेरकर घंटों रोक दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि वे लगातार तीन दिनों से अंचल कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, सरकार द्वारा पूर्व में आवंटित भूमि से संबंधित परिमार्जन का कार्य कराया जाना है। इसी कार्य को लेकर वे अंचल कार्यालय पहुंच रहे थे, लेकिन उनका आरोप है कि अंचलाधिकारी द्वारा मामले में कार्रवाई नहीं की जा रही है।
बताया गया कि मंगलवार को अंचलाधिकारी अपने कार्यालय से क्षेत्र में जाने के लिए निकली थीं। इसी दौरान नाराज ग्रामीण महिलाओं ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और काफी देर तक गाड़ी को आगे नहीं जाने दिया। ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे और अंचल कार्यालय की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी जताई।
घटना की सूचना मिलने के बाद भगवानपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई।
वहीं, इस घटना से एक दिन पहले भगवानपुर पंचायत के मुखिया उपेंद्र पांडेय और सरैया पंचायत के मुखिया उमेश दुबे उर्फ मंटू दुबे ने भी अंचल कार्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। दोनों मुखियाओं ने आरोप लगाया था कि अंचल कार्यालय में कार्य सही तरीके से नहीं हो रहा है और भ्रष्टाचार की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। कर्मचारीयो के द्वारा फोन नहीं उठाया जा रहा है
हालांकि, ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। अब देखना होगा कि प्रशासन ग्रामीणों की शिकायतों और अंचल कार्यालय की कार्यप्रणाली को लेकर क्या कदम उठाता है।


रिपोर्टर