मुंबई भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा के अध्यक्ष बने प्रमोद मिश्र
- Rohit R. Shukla, Journalist
- Mar 06, 2026
- 102 views
मुंबई: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुंबई अध्यक्ष Amit Satam ने गुरुवार को पार्टी की नई कार्यकारिणी की घोषणा की, जिसमें वरिष्ठ भाजपा नेता प्रमोद मिश्र को मुंबई भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के साथ पार्टी ने उन्हें संगठन में एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी ताजपोशी से मुंबई में उत्तर भारतीय समाज के बीच भाजपा संगठन को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
प्रमोद मिश्र मूल रूप से जौनपुर जिले के असवां, जघई गांव के निवासी हैं। उन्होंने वर्ष 2009 में भारतीय जनता पार्टी से जुड़कर वार्ड स्तर के पदाधिकारी के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत की थी। शुरुआती दौर से ही संगठन के प्रति उनकी सक्रियता, मेहनत और जनसंपर्क क्षमता को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें समय-समय पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपीं।
राजनीतिक जीवन में निरंतर सक्रिय रहने वाले प्रमोद मिश्र ने संगठन के विभिन्न पदों पर रहते हुए पार्टी को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई है। पार्टी ने उनकी कार्यशैली और संगठनात्मक कौशल को देखते हुए उन्हें मुंबई भाजपा युवा मोर्चा का उपाध्यक्ष, उत्तर भारतीय मोर्चा मुंबई का महासचिव तथा वर्ष 2023 में मुंबई भाजपा का सचिव नियुक्त किया था। इन जिम्मेदारियों का उन्होंने सफलतापूर्वक निर्वहन किया और संगठन के विस्तार में सक्रिय योगदान दिया।
पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा, सक्रियता और संगठन के लिए किए गए कार्यों को देखते हुए अब उन्हें मुंबई भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा का अध्यक्ष बनाकर एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में मुंबई में रहने वाले उत्तर भारतीय समाज के बीच पार्टी की पकड़ और अधिक मजबूत होगी तथा संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।
इस अवसर पर प्रमोद मिश्र ने मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम तथा श्री सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष एवं मुंबई भाजपा महासचिव आचार्य पवन त्रिपाठी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसे वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। साथ ही मुंबई में उत्तर भारतीय समाज को संगठित कर पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में काम करेंगे।
प्रमोद मिश्र की इस नियुक्ति पर भाजपा कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों में खुशी की लहर है। एडवोकेट अशोक दुबे, आशीष सिंह, राधेश्याम यादव, फूलचंद दीक्षित, एडवोकेट उत्तम पांडेय, राजकुमार सिंह, अंबरीश दुबे और दयाशंकर यादव सहित कई सामाजिक व राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की है।


रिपोर्टर