हनुमान चालीसा के 31 लाख से अधिक पाठ पूर्ण, अब 8.88 लाख पाठ का नया संकल्प
- Rohit R. Shukla, Journalist
- Sep 22, 2026
- 111 views
कल्याण। विट्ठलवाड़ी स्थित सुप्रसिद्ध श्री हनुमान मंदिर में शनिवार को श्री हनुमान मंदिर भक्त समूह, कल्याण और श्रीरामचरितमानस रसिक प्रश्नोत्तरी, कल्याण के संयुक्त तत्वावधान में भक्तिमय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दोपहर 1 बजे से रात 9 बजे तक चले इस धार्मिक आयोजन में देशभर से जुड़े भक्तों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान श्री हनुमान चालीसा समूह के सप्तम संकल्प के रूप में 7,77,777 पाठ पूर्ण होने पर उसका समापन किया गया तथा अष्टम संकल्प के तहत 8,88,888 हनुमान चालीसा पाठ पूर्ण करने का नया लक्ष्य निर्धारित किया गया।
श्री हनुमान चालीसा समूह से देशभर के विभिन्न राज्यों के साधक और भक्त जुड़े हुए हैं। ये भक्त अपने कार्यस्थल, घर, यात्रा अथवा प्रतिष्ठान में रहते हुए नियमित रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं और इसकी संख्या समूह को भेजते हैं। समूह के संस्थापक सदस्य डोंबिवली निवासी किरण शुक्ला द्वारा प्रतिदिन प्राप्त पाठों की गणना की जाती है। रात 8 बजे तक प्राप्त पाठों को क्रमशः सप्ताह के अलग-अलग दिनों में देश के प्रमुख हनुमान तीर्थों के विग्रहों को समर्पित किया जाता है। शनिवार को संकट मोचन हनुमान जी, वाराणसी, रविवार को कष्टभंजन हनुमान जी, गुजरात, सोमवार को सालासर बालाजी, राजस्थान, मंगलवार को बागेश्वर बालाजी, मध्य प्रदेश, बुधवार को पंडोखर धाम सरकार, दतिया, गुरुवार को हनुमानगढ़ी, अयोध्या तथा शुक्रवार को श्री बड़े हनुमान जी, प्रयागराज को पाठ समर्पित किए जाते हैं।
वडोदरा के पंडित बलरामजी मिश्रा द्वारा 25, 50, 100 अथवा उससे अधिक हनुमान चालीसा पाठ करने वाले भक्तों की सूची भी जारी की जाती है। इससे भक्तों में नियमित पाठ के प्रति उत्साह और सहभागिता की भावना बनी रहती है। समूह की यात्रा की शुरुआत 1,11,111 हनुमान चालीसा पाठ के संकल्प से हुई थी। पहला संकल्प पूर्ण होने के बाद भक्तों का उत्साह बढ़ता गया और क्रमशः 2,22,222, 3,33,333, 4,44,444, 5,55,555, 6,66,666 और अब 7,77,777 पाठ के संकल्प भी पूर्ण किए गए। आयोजकों के अनुसार अब तक समूह द्वारा कुल 31,11,108 हनुमान चालीसा पाठ पूर्ण किए जा चुके हैं। इस अवसर पर भक्तों ने अब 8,88,888 पाठ पूर्ण करने का नया संकल्प लिया।
प्रत्येक संकल्प की पूर्णता पर धार्मिक आयोजन भी किया जाता है। संस्थापक डॉ. विजय पंडित और सदस्यों की उपस्थिति में धार्मिक यात्रा के साथ यज्ञाचार्य पंडित शिवमोहन पाण्डेय एवं अन्य विद्वान ब्राह्मणों के मार्गदर्शन में 108 हनुमान चालीसा पाठ, संगीतमय सुंदरकांड, पूजा, रुद्राभिषेक, यज्ञ एवं हवन का आयोजन किया जाता है। साथ ही पाठ करने वाले सदस्यों और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों का सम्मान तथा महाप्रसाद की व्यवस्था की जाती है। आयोजकों का कहना है कि इन आयोजनों के माध्यम से अधिक से अधिक भक्तों को समूह से जोड़ने और उन्हें नियमित पाठ के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जाता है। कार्यक्रम के साथ कल्याण से संचालित श्रीरामचरितमानस रसिक प्रश्नोत्तरी के तीसरे पारायण का समापन तथा चौथे पारायण का शुभारंभ भी किया गया। इस प्रश्नोत्तरी से महाराष्ट्र सहित मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, बिहार, झारखंड, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल और दिल्ली सहित देश के विभिन्न हिस्सों से मानस प्रेमी जुड़े हुए हैं।
प्रश्नोत्तरी के अंतर्गत प्रतिदिन शाम को श्रीरामचरितमानस के क्रमशः पांच दोहों तथा उनमें आए सोरठा, श्लोक और चौपाइयों पर आधारित प्रश्न पूछे जाते हैं। प्रतिभागियों द्वारा दिए गए सही उत्तरों के आधार पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को पदक एवं अंक प्रदान किए जाते हैं। साथ ही सही उत्तर, प्रतिभागियों की सूची, सत्य विकल्प और संबंधित संदर्भ भी स्पष्ट किए जाते हैं। आयोजकों के अनुसार इसका उद्देश्य श्रीरामचरितमानस के प्रचार-प्रसार के साथ उसके मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना और सनातन परंपरा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
इस अभियान से विद्यार्थी, डॉक्टर, इंजीनियर, अधिवक्ता, कथावाचक, सेवानिवृत्त नागरिक, बच्चे, युवा तथा बुजुर्ग महिला-पुरुष जुड़े हुए हैं। संचालक मंडल में डॉ. विजय पंडित (कल्याण), बलरामजी मिश्रा (वडोदरा), पंडित पुरुषोत्तम गौतम (कटनी), पंडित ईश्वरदीन 'व्यास' (शहडोल), नागेंद्र प्रसाद मिश्रा (शहडोल), डॉ. स्नेह विभा मिश्रा (नागपुर), सुनीता द्विवेदी (डोंबिवली), विजय पाण्डेय (उमरिया), श्री रामकुमार कैवर्त्य (छत्तीसगढ़), कुमार शिवम ओझा (अशोक नगर) तथा ठाकुर अरुण सिंह (विदिशा) महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम में मंदिर के पुजारी श्याम बाबा सहित पंडित रामचंद्र पाण्डेय, सृजन संस्था के पदाधिकारी एवं सदस्य, टिटवाला के शिक्षाविद एवं लेखक डॉ. आलोक पाण्डेय, अजय मिश्रा, 'बेगानी दुनिया अपने लोग' के सदस्य, बेंगलुरु से ओमप्रकाश दुबे एवं विजय तिवारी, बागेश्वर धाम से संदीप दुबे एवं कमलेश तिवारी, माटुंगा से अरुण दुबे एवं करुणापति तिवारी, कांदिवली से रविकांत शुक्ला, ठाकुर बी.पी. सिंह एवं राजेंद्र सिंह, दिवा से विकास मिश्रा, कृष्णचंद्र पाठक, बालकृष्ण शर्मा, राजकुमार पाण्डेय सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। विजया पंडित, माधवी शुक्ला, उर्मिला सिंह सहित अन्य महिलाओं ने भी हनुमान चालीसा और श्रीरामचरितमानस के प्रचार-प्रसार में सहयोग का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों को श्री हनुमान चालीसा की पुस्तक वितरित की गई, जिसमें समूह की गतिविधियों और कार्यप्रणाली की जानकारी भी संलग्न थी। मुख्य आयोजक समाजरत्न डॉ. विजय पंडित ने हनुमान मंदिर समूह के संचालन, इतिहास और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। किरण शुक्ला ने अधिक से अधिक लोगों से समूह से जुड़ने का आह्वान किया और अपने अनुभव साझा किए। वहीं बलरामजी मिश्रा ने श्रीरामचरितमानस रसिक प्रश्नोत्तरी की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के समापन पर डॉ. विजय पंडित ने सभी उपस्थित भक्तों, सहयोगियों और आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा आगामी आयोजन में पुनः एकत्रित होने का आह्वान किया।


रिपोर्टर