24 घंटे में जमुनीपुर हत्याकांड का पर्दाफाश, शुभम शुक्ला हत्या मामले में चार आरोपी व एक बाल अपचारी गिरफ्तार

बरसठी (जौनपुर)। जमुनीपुर गांव में हुए चर्चित शुभम शुक्ला हत्याकांड का पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए घटना में शामिल चार अभियुक्तों तथा एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर लोगों में विश्वास बढ़ा है और घटना को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लगा है।

पुलिस के अनुसार जमुनीपुर में युवक शुभम शुक्ला की चाकू मारकर हत्या किए जाने के मामले में थाना बरसठी पर मुकदमा अपराध संख्या 39/2025 धारा 191(2), 191(3), 103(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) तथा क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। लगातार की गई छानबीन एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सुबह लगभग 10:30 बजे रसूलहा भीटा के पास से घटना में संलिप्त विकास यादव पुत्र सुभाष चंद्र यादव निवासी ग्राम मंगरमू थाना बरसठी, सचिन पटेल पुत्र रमेश पटेल निवासी ग्राम रसूलहा थाना बरसठी, अनुज पटेल पुत्र विजय कुमार पटेल निवासी ग्राम पुरईपुर थाना बरसठी तथा सुमित उर्फ छोटू पटेल पुत्र सुरेंद्र पटेल निवासी ग्राम रसूलहा थाना बरसठी को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही घटना में शामिल एक बाल अपचारी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध धारा 191(2), 191(3), 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेजा जा रहा है। पूछताछ के दौरान घटना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं तथा मामले की आगे की जांच जारी है। पुलिस अभिलेखों के अनुसार मुख्य आरोपी विकास यादव का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अम्ब्रीश कुमार सिंह, अनिल यादव, शैलेन्द्र कुमार सिंह, अजय कुमार तिवारी, हेड कांस्टेबल राजेन्द्र पटेल, पवित्र भूषण तिवारी, अखिलेश यादव, यादुवेन्द्र यादव, कांस्टेबल ओमप्रकाश यादव तथा हेड कांस्टेबल उमाशंकर सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट