दुर्घटना में घायल की जान बचाने वाले \'राहवीर\' को मिलेंगे 25 हजार रुपये


​​आजमगढ़ सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद के लिए आमजन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख नरौली तिराहा पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया। यातायात माह नवंबर-2026 के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में लोगों को 'राहवीर योजना' (पूर्व में गुड समैरिटन योजना) के लाभों से अवगत कराया गया।  ​अभियान के दौरान यातायात पुलिस कर्मियों ने दोपहिया, चारपहिया, ऑटो व ई-रिक्शा चालकों सहित राहगीरों को पंपलेट वितरित किए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क हादसे के बाद पहले एक घंटे यानी 'गोल्डन ऑवर' में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने वाले नेक नागरिक को सरकार की ओर से 25,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाता है।  पुलिस ने लोगों के मन से कानूनी कार्यवाही का डर दूर करते हुए स्पष्ट किया कि मोटर वाहन (संशोधन) अधिनियम की धारा 134A के तहत घायलों की मदद करने वाले व्यक्ति को पूर्ण कानूनी संरक्षण प्राप्त है। ऐसे मददगारों को पुलिस या अस्पताल की अनावश्यक पूछताछ से परेशान नहीं किया जाता है।  इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पाठ भी पढ़ाया गया। पुलिस ने चालकों से दोपहिया चलाते समय हेलमेट व चारपहिया में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और नशे की हालत में ड्राइविंग न करने की अपील की। पुलिस ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे मानवता का परिचय देते हुए बिना किसी संकोच के घायलों की मदद के लिए आगे आएं और 'राहवीर' बनें।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट