कुश्ती के अखाड़े में सोनू कुमार का स्वर्णिम दांव, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में करेंगे बिहार का प्रतिनिधित्व
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Oct 30, 2026
- 14 views
राज्य स्तरीय विद्यालय कुश्ती में अंडर-19 के 65 किलोग्राम भार वर्ग में जीता स्वर्ण पदक, स्कूल के निदेशक अमय मौर्या ने दी बधाई
ब्यूरो चीफ प्रकाश कुमार की रिपोर्ट
गयाजी। गया जिले के मानपुर प्रखंड अंतर्गत मझौली गांव के प्रतिभाशाली पहलवान सोनू कुमार ने राज्य स्तरीय विद्यालय कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया है। इस शानदार उपलब्धि के साथ ही सोनू का चयन राष्ट्रीय विद्यालय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए हुआ है। अब वे राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे।
ग्रीन फील्ड इंग्लिश स्कूल, हनुमान नगर, फतेहपुर रोड के छात्र सोनू कुमार, अनिल कुमार के पुत्र हैं। बिहार सरकार के शिक्षा विभाग एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में 13 से 16 अक्टूबर तक भभुआ (कैमूर) में आयोजित अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 राज्य स्तरीय विद्यालय कुश्ती प्रतियोगिता में उन्होंने अंडर-19 आयु वर्ग के 65 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। इस प्रतियोगिता में मगध प्रमंडल के खिलाड़ियों ने कुल 19 पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया था।
सोनू कुमार खेलो इंडिया कुश्ती सेंटर, गयाजी में कोच रामपुजन साहनी के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम तथा प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर राज्य स्तर तक का सफर तय किया और स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की।
इस उपलब्धि पर ग्रीन फील्ड इंग्लिश स्कूल के निदेशक अमय मौर्या ने सोनू कुमार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोनू की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बिहार तथा गया जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
सोनू की इस सफलता से विद्यालय परिवार, परिजनों और मझौली गांव सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयन के बाद अब उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीदें बढ़ गई हैं।


रिपोर्टर