71 साल की उम्र में 4 हजार किमी की पदयात्रा पर निकले लक्ष्मण नामदेव पहुचे कैमूर

संवाददाता पिन्टु कुमार तिवारी की रिपोर्ट 

दुर्गावती (कैमूर):- दृढ़ इच्छाशक्ति और मजबूत हौसले के आगे उम्र भी बाधा नहीं बन सकती। इसकी मिसाल मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी 71 वर्षीय लक्ष्मण नामदेव गणवीर हैं। अपने पितरों, शहीद जवानों तथा प्राकृतिक आपदाओं और विभिन्न हादसों में जान गंवाने वाले लोगों के पिंडदान के संकल्प के साथ वे करीब चार हजार किलोमीटर की पैदल यात्रा कर चुके हैं। जुलाई 2024 में इंदौर से शुरू हुई उनकी यह यात्रा 28 महीने 20 दिन का सफर तय करने के बाद शुक्रवार को कैमूर जिले के दुर्गावती पहुंची।

लक्ष्मण नामदेव ने अपनी यात्रा के दौरान उज्जैन, चित्रकूट, प्रयागराज, वाराणसी और रोहतास होते हुए गया जी के विष्णुपद धाम में पिंडदान किया।  खास बात यह है कि 71 वर्ष की उम्र में भी वे अपनी पीठ पर करीब 30 किलो सामान लेकर यात्रा कर रहे हैं। रास्ते में ढोल और घुंघरू बजाते हुए आगे बढ़ना उनकी यात्रा को और भी खास बनाता है।

पेशे से कलाकार लक्ष्मण नामदेव अपनी इस लंबी यात्रा के जरिए लोगों को शिक्षा, आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता और देशभक्ति का संदेश भी दे रहे हैं। इसके लिए उन्होंने बैनर लगा रखा है, जिसके माध्यम से लोगों को सामाजिक सद्भाव और एकजुटता का संदेश देते हैं।

उन्होंने बताया कि पत्नी के निधन के बाद परिवार में उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं। बच्चों की इच्छा थी कि वे वाहन से यात्रा पूरी करें, लेकिन उन्होंने पैदल ही अपना संकल्प पूरा करने का निर्णय लिया। लगातार लंबी दूरी तय करते हुए उनका कैमूर पहुंचना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। 71 वर्ष की उम्र में उनका यह जज्बा लोगों के लिए प्रेरणादायक बन गया है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट