मां भलुनी धाम में ताला तोड़कर मुकुट सहित सोने-चांदी के श्रृंगार उड़ा ले गए चोर, भक्तों में भारी आक्रोश
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 22, 2026
- 5 views
रोहतास।इसे आस्था के साथ विश्वासघात कहें या शासन-प्रशासन की घोर लापरवाही - बिहार के सुप्रसिद्ध शक्तिपीठ मां भलुनी (यक्षणी) भवानी धाम में चोरों ने मां के मुकुट सहित सोने-चांदी के श्रृंगार पर हाथ साफ कर दिया। मंदिर का ताला तोड़कर चोर रात के अंधेरे में सब कुछ लेकर फरार हो गए। महोत्सव के महज कुछ दिन बाद हुई इस चोरी ने पूरे रोहतास जिले में भक्तों के बीच आक्रोश पैदा कर दिया है।बताते चलें कि हाल ही में बीते 14 नवंबर को मां भलुनी भवानी महोत्सव का आयोजन जिला प्रशासन ने धूमधाम से किया था। इस महोत्सव में भोजपुरी के सिने स्टार पवन सिंह समेत एनडीए के कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और बड़े-बड़े अधिकारी शामिल हुए थे। मंच सजाया गया, लाइटें लगाई गईं, लाखों रुपये पानी की तरह बहाए गए। फोटो खिंचवाए गए, भाषण हुए, वाहवाही लूटी गई।जब महोत्सव के लिए लाखों रुपये खर्च किए जा सकते हैं, तो मंदिर की सुरक्षा के लिए एक सीसीटीवी कैमरा, एक मजबूत ताला, एक रात का चौकीदार क्यों नहीं रखा जा सका? क्या मां का दरबार सिर्फ महोत्सव में फोटो खिंचवाने और तालियां बटोरने के लिए है?14 नवंबर को महोत्सव के दिन मंदिर जगमगा रहा था, पुलिस का पहरा था, अधिकारियों की भीड़ थी। लेकिन महोत्सव खत्म होते ही मंदिर भगवान भरोसे छोड़ दिया गया। न कोई सुरक्षा, न कोई गश्ती, न कोई निगरानी। चोरों को इसी लापरवाही का इंतजार था और उन्होंने मौका पाते ही मां का मुकुट उतार लिया।भक्तों का कहना है कि यह सिर्फ चोरी नहीं है, यह आस्था पर डाका है। जिस मुकुट पर भक्तों की श्रद्धा टिकी थी, जिसे देखकर भक्तों का सिर झुकता था, वह आज गायब है। मां का दरबार सूना पड़ा है।चोरी के बाद भी प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई की खबर नहीं है। न तो चोरों का कोई सुराग मिला है और न ही मंदिर की सुरक्षा के लिए कोई स्थायी व्यवस्था की गई है। भक्त पूछ रहे हैं.महोत्सव में खर्च हुए लाखों रुपये का हिसाब कौन देगा?मंदिर में सीसीटीवी और रात्रि प्रहरी की व्यवस्था कब होगी?चोरी हुए मुकुट और श्रृंगार की बरामदगी कब होगी?क्या बड़े-बड़े नेता और अधिकारी अब भी सिर्फ महोत्सव में ही आएंगे, या मां के दरबार की रक्षा के लिए भी आगे आएंगे?भक्तों ने मांग की है कि मंदिर परिसर में तुरंत सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, स्थायी चौकीदार की नियुक्ति हो, रात्रि गश्ती बढ़ाई जाए और चोरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर मां का मुकुट बरामद किया जाए।यदि प्रशासन अब भी नहीं जागा, तो यह माना जाएगा कि महोत्सव तो सिर्फ दिखावा था, आस्था से किसी को कोई लेना-देना नहीं है।मां का मुकुट लूटा गया है, भक्तों का विश्वास नहीं लूटने देंगे - यही आज हर भक्त की आवाज है। इस संबंध में आरक्षी अधीक्षक श्री राज ने मौके पर पहुंचे एवं सीसीटीवी फुटेज को देखा जिसमें एक युवक मां का सोने चांदी के मुकुट चुराते देखा गया है।जिसका फोटो पुलिस ने पहचान के लिए जारी किया है।


रिपोर्टर