नगर पंचायत कुदरा भभुआं मोड़ पर NH-19 सर्विस लेन बना अवैध बाजार
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 22, 2026
- 122 views
अधिकारियों की नाक के नीचे रोज सज रही दुकानें
सूत्रों की माने तो अवैध दुकानें स्थानीय पदाधिकारीयों की अवैध कमाई का है जरीया
अखिल भारतीय समाचार टीम
कैमूर---- जिले के नगर पंचायत कुदरा के भभुआ मोड़ पर राष्ट्रीय राजमार्ग 19 की सर्विस लेन पर इन दिनों अतिक्रमण का ऐसा नजारा देखने को मिल रहा है, जो प्रशासन की कार्यशैली पर ही सवाल खड़ा कर रहा है।
शाम होते ही सर्विस लेन पर ठेले, खोमचे, चाट-पकौड़ी, सब्जी, कपड़ा और अन्य सामानों की अवैध दुकानें सज जाती हैं। दुकानदारों ने सड़क के एक बड़े हिस्से पर कब्जा कर रखा है। स्थिति यह है कि सर्विस लेन से गुजरने वाले राहगीरों, बाइक सवारों और चार पहिया वाहनों को निकलने के लिए जगह तक नहीं मिलती।
तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि फ्लाईओवर के नीचे और सर्विस लेन के दोनों तरफ दुकानें लगी हुई हैं। सड़क पर बेतरतीब तरीके से खड़ी बाइकें, ठेले और भीड़ के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन जाती है। भारी वाहन, ट्रक और यात्री बसें घंटों फंसी रहती हैं।
सबसे बड़ा सवाल - रोज गुजरते हैं अधिकारी, फिर भी चुप्पी क्यों?
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी रास्ते से प्रतिदिन अंचल पदाधिकारी, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सहित जिले के कई वरीय पदाधिकारी का आवागमन होता है। इसके बावजूद अवैध दुकानों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।लोगों में चर्चा है कि यह सब कुछ अधिकारियों की जानकारी में हो रहा है।
सूत्रों के हवाले से गंभीर आरोप
सूत्रों की मानें तो अंचल कार्यालय और नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा अवैध वसूली के लिए इन अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अवैध दुकानों से प्रति माह वसूली की जाती है, जिसके कारण अतिक्रमण हटाने के बजाय उसे संरक्षण मिल रहा है।
हालांकि यह आरोप सूत्रों और स्थानीय लोगों के हवाले से है। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
दुर्घटना का बना हुआ है खतरा
NH-19 जैसे व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस लेन पर अतिक्रमण के कारण कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। शाम के समय अंधेरा, भीड़ और सड़क पर खड़े वाहन हादसे को न्योता दे रहे हैं। पैदल चलने वाली महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों की मांग
स्थानीय दुकानदारों, राहगीरों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन से मांग की है कि -
1. भभुआ मोड़ NH-19 सर्विस लेन से अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए 2. अतिक्रमण करने वालों और अवैध वसूली में शामिल लोगों की जांच हो 3. सर्विस लेन को अतिक्रमण मुक्त कर सुचारू यातायात बहाल किया जाए 4. दोषी अधिकारियों पर भी कार्रवाई हो
लोगों का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे इसकी शिकायत जिलाधिकारी, कैमूर और NHAI के वरीय अधिकारियों से करेंगे।
अब देखना यह है कि खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन जागता है या फिर भभुआं मोड़ पर अवैध दुकानों का यह खेल यूं ही चलता रहेगा।


रिपोर्टर