पेंशन सम्मान कार्यक्रम में सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों का सम्मान, प्रदाय किए पेंशन पीपीओ
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Nov 03, 2026
- 60 views
राजगढ़ । कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में पेंशन सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त होने वाले शासकीय सेवकों की दीर्घकालीन सेवाओं और उनके योगदान का सम्मान करते हुए उनके सुखद एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि शासकीय सेवक अपने जीवन के 30-40 वर्ष, यानी लगभग आधा जीवन, शासकीय सेवा को समर्पित करते हैं। उनके इस योगदान और दीर्घ सेवाकाल का सम्मान होना चाहिए। जिला प्रशासन निश्चित रूप से उनकी सेवाओं को पहचान और सम्मान देगा। इसी भावना के साथ आज अपनी कुर्सी देकर उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करने का यह एक छोटा-सा प्रयास है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं ग्रामीण परिवेश से आते हैं और व्यक्ति के कार्यों में उसके अनुभव एवं संस्कारों की झलक दिखाई देती है। उन्होंने सेवानिवृत्त होने वाले सेवकों से कहा कि अब जब वे शासकीय दायित्वों से मुक्त होकर अपने लिए समय निकाल सकेंगे, तो समाज सेवा के लिए भी अवश्य समय दें। उन्होंने सभी को सेवानिवृत्ति की बधाई देते हुए उनके सुखद, स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि शासकीय सेवकों की विभिन्न शिकायतों को प्रशासन गंभीरता से लेता है और उनके त्वरित निराकरण का प्रयास किया जाता है। उन्होंने बताया कि पेंशन भुगतान की प्रक्रिया भी अब केंद्रीकृत होने लगी है। शिक्षकों के शेष देयकों, जैसे अवकाश नकदीकरण (लीव एनकैशमेंट) एवं एनपीएस की राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर आईटीआई प्राचार्य श्री संतोष कुमार ने कहा कि सेवाकाल पूर्ण होने के पश्चात भी वे अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहेंगे तथा सेवानिवृत्ति के बाद भी समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहेंगे।
महाविद्यालय नरसिंहगढ़ के प्राचार्य श्री चेतन कुमार त्रिपाठी ने अपने संबोधन में बताया कि उनके सेवाकाल के 38 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। इस दौरान उन्होंने चुनाव एवं जनगणना में मास्टर ट्रेनर के रूप में दायित्व निभाने के साथ विभिन्न महाविद्यालयों में अध्यापन कार्य किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों से मिलने वाला सम्मान उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि है। समाज के प्रति हम सभी के अनेक दायित्व हैं तथा सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता और योगदान देना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों के सेवाकाल के अनुभवों, योगदान और भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा की गई।
माह अक्टूबर 2026 में सेवानिवृत्त होने वाले शासकीय कर्मचारी अधिकारी में विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी खिलचीपुर श्रीकांत अनुसुईया शर्मा, तहसीलदार राजगढ़ श्री बद्रीलाल वर्मा, महाविद्यालय नरसिंहगढ़ श्री चेतन कुमार त्रिपाठी, आईटीआई ब्यावरा श्री दिनेश मालवीय, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी सारंगपुर श्री गिरिराज सोनी, पुलिस विभाग राजगढ़ श्री गोपाल सिंह खिंची, मुख्य चिकित्सा विभाग राजगढ़ श्रीमती कृष्णा ग्रोवर, पशु चिकित्सा विभाग राजगढ़ श्री ललित कुमार सिंह, आईटीआई राजगढ़ श्री एम.वी. संतोष कुमार, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी सारंगपुर श्रीमती मधुबाला जोशी, पुलिस विभाग राजगढ़ श्री मांगीलाल यादव, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी राजगढ़ श्री मोहनलाल नागर, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी नरसिंहगढ़ श्री मोहनलाल वर्मा एवं श्री पितम्बर कुमार गुदेनिया, पुलिस विभाग राजगढ़ श्री रामबक्श, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी नरसिंहगढ़ श्री संतोष शर्मा, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी सारंगपुर श्री उमराव सिंह पाटोदिया, लोक निर्माण विभाग राजगढ़ श्री विनय सिंह, जिला न्यायालय श्री शिवलाल कुशवाह, बीईओ नरसिंहगढ़ श्रीमती रजनी उपाध्याय, बीईओ जीरापुर श्री राजेन्द्र व्यास, बीईओ ब्यावरा श्रीमती विद्या शर्मा एवं बीईओ जीरापुर श्री लालचंद लववंशी शामिल हैं। जिन्हे माला, शाल, श्रीफल, प्रतीक चिन्ह एवं पीपीओ का वितरण कर उनका सम्मान किया गया।


रिपोर्टर