किसानों को पर्याप्त सिंचाई जल और आमजन को पेयजल उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता-राज्यमंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) पंवार

सिंचाई पाइपलाइन क्षतिग्रस्त करने वालों पर एफआईआर दर्ज कराएं – कलेक्टर डॉ. मिश्रा


राजगढ़ । प्रदेश सरकार के राज्‍यमंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्‍याण एवं मत्स्य विकास विभाग श्री नारायण सिंह पंवार की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के जलाशयों में उपलब्ध जल की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। राज्यमंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने किसानों को पर्याप्त सिंचाई जल उपलब्ध कराने, जल का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने तथा पेयजल व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री ज्ञान सिंह गुर्जर, ईई मोहनपुरा परियोजना, ईई सुठालिया परियोजना लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जल निगम, जल संसाधन विभाग एवं एमपीईबी के कार्यपालन यंत्री, उप संचालक कृषि तथा समस्त अनुविभागों के एसडीओ उपस्थित रहे।

किसानों को पर्याप्त सिंचाई जल उपलब्ध कराएं, उपयुक्त फसल चयन के लिए करें प्रेरित*

राज्यमंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि जलाशयों में उपलब्ध जल का समुचित एवं अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए। किसानों को जल की उपलब्धता के अनुरूप उपयुक्त फसलों के चयन के लिए प्रेरित करें। किसानों की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए खेती को सुगम बनाने तथा फसलों की आवश्यकता के अनुरूप पर्याप्त सिंचाई जल उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कृषि विस्तार अधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण करने और किसानों के साथ संगोष्ठियां आयोजित कर उर्वरकों की उचित मात्रा एवं संतुलित उपयोग की जानकारी देने के निर्देश दिए।

सिंचाई पाइपलाइन क्षतिग्रस्त करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश

राज्यमंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने सिंचाई व्यवस्था सुचारू बनाए रखने तथा पाइपलाइन क्षतिग्रस्त करने की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को ऐसी घटनाओं पर तत्काल संज्ञान लेने, दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार एफआईआर दर्ज कराने तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पेयजल आपूर्ति सर्वोच्च प्राथमिकता, विभाग आपसी समन्वय से करें कार्य

राज्यमंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने जल निगम को जल संसाधन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए आवश्यक जल आरक्षण एवं अन्य व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं, ताकि नागरिकों को पेयजल की समस्या का सामना न करना पड़े।

बिजली कटौती की पूर्व सूचना दें, आमजन से रखें सौहार्दपूर्ण संवाद

राज्यमंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने एमपीईबी के अधिकारियों को आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रखरखाव कार्य के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित करना आवश्यक होने पर सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों से इसकी पूर्व सूचना आमजन को दी जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक असुविधा न हो।

जनप्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर जनहित के कार्यों को दें प्राथमिकता

राज्यमंत्री श्री पंवार ने अधिकारियों से कहा कि सभी अधिकारी राजगढ़ जिले की सेवा और विकास के लिए कार्य कर रहे हैं। जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर संवाद एवं समन्वय बनाए रखें तथा आपसी सहयोग से जिले के विकास और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दें।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट