कैमूर में 2074.98 लीटर अवैध शराब बरामद, एक गिरफ्तार
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Oct 29, 2026
- 184 views
नुआंव में पिकअप छोड़कर फरार हुआ चालक, कुढ़नी में टाटा मैजिक से शराब जब्त
ब्यूरो चीफ संदिप कुमार की रिपोर्ट
कैमूर:-- जिले के मोहनियां अनुमंडल में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल 2074.98 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। मामले में एसडीपीओ मोहनियां गोपाल कृष्ण ने प्रेस वार्ता कर कार्रवाई की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर की रात नुआंव थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर सोतवा पुल के पास घेराबंदी की गई। इस दौरान पुलिस को देखकर पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। तलाशी में पिकअप (BR01PA3211) से 1059.42 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।
फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। वहीं, कुढ़नी थाना क्षेत्र में बहुआरा मोड़ के पास वाहन जांच के दौरान टाटा मैजिक (BR24GB3890) से 1015.56 लीटर अवैध शराब बरामद की गई।
पुलिस ने मौके से उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के नवली गांव निवासी 22 वर्षीय जय प्रकाश को गिरफ्तार किया।
उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। बरामद शराब की कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। दोनों मामलों में संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।


रिपोर्टर