शराबबंदी के बीच कार से निकली शराब, ग्रामीणों ने लूटी
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 03, 2026
- 5 views
ब्यूरो चीफ संदिप कुमार की रिपोर्ट
मोहनियां के दसौती में आग लगने पर तस्करों ने हरियाणा नंबर की कार पानी में धकेली, पुलिस के सामने लूटपाट
कैमूर:-- बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद शराब की तस्करी और उससे जुड़े अजीबोगरीब मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के दसौती गांव के पास का है, जहां पुलिस की मौजूदगी में ही ग्रामीणों द्वारा शराब लूटने का वीडियो सामने आया है।
प्रत्यक्षदर्शी आनंद सिंह के अनुसार, सड़क से गुजर रही हरियाणा नंबर की एक सफेद कार में अचानक आग लग गई थी। कार में सवार शराब तस्करों ने आग बुझाने या पुलिस के पकड़े जाने के डर से आनन-फानन में गाड़ी से शराब की एक बोतल निकाली और कार को धक्का देकर सड़क किनारे भरे पानी के गड्ढे में पलट दिया। इसके बाद सभी तस्कर पास के नहर वाले रास्ते से मौके से फरार हो गए।
राहगीरों और स्थानीय लोगों की सूचना पर मोहनिया थाने की पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। जब पुलिसकर्मी स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पानी में डूबी कार को बाहर खींच रहे थे, तभी कार के अगले हिस्से से भारी मात्रा में फ्रूटी पैक शराब के पैकेट पानी में गिरकर तैरने लगे। पानी में शराब की बोतलें और पैकेट देखते ही वहां मौजूद ग्रामीणों में लूटने की होड़ मच गई। कार निकालने में मदद कर रहे और तमाशा देख रहे कई लोग तुरंत पानी में कूद पड़े और पुलिस के सामने ही शराब के पैकेट लूटकर अपने कपड़ों में छिपाते हुए भाग निकले। मौके पर मौजूद पीटीसी पुलिस अधिकारी योगेंद्र कुमार ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि कार में आग लगने के बाद उसे पानी में धकेल दिया गया है। गाड़ी को बाहर निकालने के दौरान उसमें से शराब बरामद हुई है। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही कार सवार तस्कर भागने में सफल रहे, जिसके कारण इस मामले में फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बची हुई शराब को जब्त कर लिया है और वाहन को मोहनिया थाने ले जाकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


रिपोर्टर