चलती ट्रेन से उतरने के क्रम में घायल महिला की आरपीएफ ने बचाई जान


संवाददाता पारस नाथ दुबे


डेहरी ऑन सोन। 4 अक्टूबर 2026 को गाड़ी संख्या 13348 अप पटना-बरकाकाना एक्सप्रेस डेहरी ऑन सोन स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 05 पर धीरे-धीरे प्रवेश कर रही थी। उसी दौरान एक महिला चलती ट्रेन से उतरने के प्रयास में गाड़ी और प्लेटफार्म के बीच गिर गईं और रगड़ खाने से उनका दाहिना पैर चोटिल हो गया।


ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ उप निरीक्षक शिवराज साह, प्रधान आरक्षी वीर बहादुर सिंह और प्रधान आरक्षी बिनोद कुमार सिंह ने तुरंत स्ट्रेचर की मदद से घायल महिला को अनुमंडल अस्पताल, डेहरी पहुंचाया।


इलाज के दौरान महिला ने अपना नाम देवेंद्री देवी, उम्र लगभग 50 वर्ष, पति स्व. मुन्ना राम, निवासी घुसिया कला, थाना बिक्रमगंज, जिला रोहतास (बिहार) बताया। उन्होंने बताया कि उनके पास कोई यात्रा टिकट नहीं था। उन्होंने अपने पुत्र राजकुमार प्रजापति का मोबाइल नंबर दिया, जिस पर सूचना देकर उन्हें बुलाया गया।


प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल, सासाराम भेज दिया, जहां उनके पुत्र राजकुमार प्रजापति उनके साथ मौजूद हैं। महिला की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट