खेल महाकुंभ में छात्रा बेहोश, एंबुलेंस नहीं मिलने पर बाइक से पहुंचाया अस्पताल
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Oct 01, 2026
- 5 views
रोहतास। जिला मुख्यालय सासाराम के फजलगंज स्टेडियम में चल रहे जिला स्तरीय विद्यालय खेल महाकुंभ के दौरान दौड़ प्रतियोगिता में शामिल तिलौथू प्रखंड की 17 वर्षीय छात्रा अचानक बेहोश होकर गिर गई। छात्रा की पहचान चितौली निवासी सुमन कुमारी के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रतियोगिता के दौरान छात्रा की तबीयत बिगड़ने के बाद वह मैदान में ही बेहोश होकर गिर पड़ी। मौके पर एंबुलेंस की व्यवस्था उपलब्ध नहीं होने के कारण आनन-फानन में उसे बाइक से सदर अस्पताल, सासाराम ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद खेल आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं। जिला स्तरीय विद्यालय खेल महाकुंभ जैसे आयोजन में खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए आपातकालीन चिकित्सा सुविधा और एंबुलेंस की उपलब्धता को लेकर व्यवस्था पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
आयोजन स्थल पर चिकित्सा व्यवस्था, एंबुलेंस तथा अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता को लेकर संबंधित अधिकारियों से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की जा रही है।


रिपोर्टर