खड़े ट्रक में पीछे से आ रहे पेपर लदे ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर, चालक गंभीर रूप से घायल
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Sep 03, 2026
- 46 views
कुदरा NH-19 पर भीषण सड़क हादसा, घंटों बाधित रहा यातायात
संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
कैमूर---------- जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही का मामला सामने आया है। कुदरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से आ रहे पेपर लदे ट्रक जिसका रजिस्ट्रेशन संख्या OD14E2151ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि खड़े ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि हादसा उस वक्त हुआ जब एक ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान ट्रक चालक इंदल यादव सड़क पर मौजूद एक बछड़े को हटाने के लिए नीचे उतरे थे। वह बछड़े को सड़क से हटाने की कोशिश कर ही रहे थे, तभी सासाराम की ओर से तेज गति से आ रहा पेपर लदा ट्रक अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराया।
टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल घायल चालक को संभाला और घटना की सूचना पुलिस को दी।
हादसे में गंभीर रूप से घायल चालक की पहचान रोहतास जिले के चेनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत पेवनदी गांव निवासी 28 वर्षीय इंदल यादव, पिता कैलाश यादव के रूप में हुई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को इलाज के लिए कुदरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए भभुआ रेफर कर दिया।
वहीं, हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुदरा में यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के खड़े रहने के कारण काफी देर तक आवागमन बाधित रहा। दोनों तरफ से आने-जाने वाले वाहनों को परेशानी का सामना करना पड़ा और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलते ही कुदरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस प्रशासन ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाने की कार्रवाई शुरू की। काफी मशक्कत के बाद सड़क को खाली कराया गया, जिसके बाद NH-19 पर यातायात व्यवस्था को दोबारा सुचारु कराया गया।
गौर करने वाली बात यह है कि कुदरा क्षेत्र से होकर गुजरने वाला NH-19 बेहद व्यस्त मार्ग है और यहां लगातार भारी वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में सड़क किनारे वाहनों के खड़े रहने और तेज गति से चलने वाले वाहनों के कारण हादसे का खतरा बना रहता है।


रिपोर्टर