मिर्ज़ा ग़ालिब कॉलेज के तीन विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

खेल प्रतिभा को बढ़ावा देने के लिए कॉलेज प्रबंधन ने प्रतिभागियों का बढ़ाया उत्साह

ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट 

गयाजी------ मिर्ज़ा ग़ालिब कॉलेज, गया की खेल समिति के तत्वावधान में कॉलेज के तीन विद्यार्थियों ने पुरुष क्रॉस कंट्री दौड़-2026 प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का आयोजन अनुग्रह मेमोरियल कॉलेज, गया की खेल समिति द्वारा मगध विश्वविद्यालय, बोधगया के अंतर महाविद्यालय खेल कार्यक्रम के अंतर्गत किया गया।

प्रतियोगिता में मिर्ज़ा ग़ालिब कॉलेज के जंतु विज्ञान विभाग के मो. अनस तथा राजनीति विज्ञान विभाग के नूर मोहम्मद और मो. साकिब ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता के दौरान उत्साह, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और खेल भावना का परिचय दिया।

इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मो. अली हुसैन ने कहा कि जीवन में खेलकूद को कम महत्व नहीं दिया जाना चाहिए। आज खेलकूद एक बेहतर करियर विकल्प के रूप में भी उभर रहा है। खेलों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहता है। उन्होंने प्रतिभागी विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

कॉलेज के सचिव शकील अहमद खान ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कॉलेज की ओर से उन्हें हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। वहीं, अनुग्रह मेमोरियल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. मो. नजीर अख्तर ने भी प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

इस अवसर पर अनुग्रह मेमोरियल कॉलेज की खेल प्रभारी डॉ. निधि त्रिपाठी, रितेश कुमार सिंह, मिर्ज़ा ग़ालिब कॉलेज के खेल प्रभारी डॉ. जुफैल हसन, अंशु कुमार सहित कई प्रतिभागी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी कॉलेज के मीडिया प्रभारी डॉ. इबरार खान एवं डॉ. अकरम वारिस ने दी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट