हौसला मजबूत हो तो कोई भी लक्ष्य हासिल करना संभव : ब्रिगेडियर देबकुमार सेन
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Sep 03, 2026
- 9 views
एनसीसी कैडेटों ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर, ग्रुप कमांडर ने कैंप की व्यवस्थाओं व प्रशिक्षण का लिया जायजा
ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट
गयाजी। 6 बिहार बटालियन एनसीसी द्वारा गया कॉलेज, गयाजी में आयोजित 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का बुधवार को गया ग्रुप मुख्यालय के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर देबकुमार सेन ने निरीक्षण किया। कैंप पहुंचने पर एनसीसी कैडेटों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। कैंप कमांडेंट कर्नल पंकज कुमार कीर्ति चक्र ने ग्रुप कमांडर की अगवानी की।
ब्रिगेडियर देबकुमार सेन ने कैंप का विधिवत निरीक्षण करते हुए कैडेटों के ड्रिल, कंपास प्रशिक्षण, राइफल ड्रिल, भोजनालय, आकस्मिक सेवा सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्रशिक्षणरत कैडेटों से बातचीत कर उनकी तैयारियों और अनुभवों की जानकारी भी ली।
निरीक्षण के बाद आयोजित सेमिनार में कैडेटों को संबोधित करते हुए ब्रिगेडियर सेन ने कहा कि एनसीसी कैडेटों को भारतीय सैनिकों की तरह अनुशासन, समर्पण और कठिन परिश्रम के साथ प्रशिक्षण लेना चाहिए। दस दिनों के कठिन प्रशिक्षण के बाद कैडेटों में यह विश्वास होना चाहिए कि मजबूत हौसले के साथ कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि ईमानदारी और वफादारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना भी देश सेवा का एक रूप है। प्रत्येक व्यक्ति अपने कार्य को पूरी निष्ठा से करके राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकता है।
ग्रुप कमांडर ने एनसीसी ‘सी’ प्रमाण पत्र के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि पात्र कैडेटों को सेना में अधिकारी बनने के लिए विशेष अवसर मिलता है। ‘सी’ प्रमाण पत्र प्राप्त कैडेट निर्धारित पात्रता पूरी करने पर लिखित परीक्षा से छूट के साथ एसएसबी साक्षात्कार के माध्यम से अधिकारी बनने की प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।
इस अवसर पर सूबेदार मेजर राधेश्याम, सूबेदार अरविंद शर्मा, सूबेदार कुमुद, नायब सूबेदार प्रवीण सहित एनसीसी के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


रिपोर्टर