पांच महीने से भत्ता लंबित, ग्राम कचहरी प्रतिनिधियों ने जिला पदाधिकारी से भुगतान हेतु लगाई गुहार
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Sep 22, 2026
- 81 views
पांच महीने से भत्ता लंबित, ग्राम कचहरी प्रतिनिधियों ने जिला पदाधिकारी से भुगतान हेतु लगाई गुहार
संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
कैमूर----- समाहरणालय ग्राम कचहरी के प्रतिनिधियों ने पंच सरपंच संघ प्रदेश महासचिव सह भदौला पंचायत के सरपंच दिलीप कुमार सिंह के नेतृत्व में अपने लंबित मानदेय एवं भत्ते के भुगतान को लेकर जिला पदाधिकारी से लगाई गुहार। ग्राम कचहरी के पंच, उप सरपंच और सरपंचों का कहना है कि मार्च 2026 से उनका निर्धारित भत्ता लंबित है, जिसके कारण प्रतिनिधियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया गया कि 21 सितंबर 2026 को कैमूर जिले के ग्राम कचहरी जनप्रतिनिधि जिला पदाधिकारी से मिलने पहुंचे। इस दौरान प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन सौंपते हुए लंबित भत्ते का जल्द से जल्द भुगतान कराने की मांग की।
आवेदन में कहा गया है कि ग्राम कचहरी के प्रतिनिधि गांव के स्तर पर लगातार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने, आपसी विवादों के समाधान में सहयोग करने और गांव-गांव जाकर लोगों के सुख-दुख में शामिल होने के लिए प्रतिनिधि अपनी भूमिका निभाते हैं।
प्रतिनिधियों का कहना है कि कई महीनों से निर्धारित भत्ता नहीं मिलने के कारण उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, कई त्योहार भी बीत चुके हैं और इसके बावजूद लंबित भुगतान नहीं होने से प्रतिनिधियों में नाराजगी देखी जा रही है।
ग्राम कचहरी प्रतिनिधियों ने जिला पदाधिकारी से आग्रह किया है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिया जाए और मार्च 2026 से लंबित निर्धारित भत्ते का शीघ्र भुगतान कराया जाए, ताकि ग्राम कचहरी के जनप्रतिनिधियों को आर्थिक राहत मिल सके।
इस दौरान जिला पंच-सरपंच संघ कैमूर के जिला अध्यक्ष दीनबंधु सिंह और बिहार प्रदेश पंच-सरपंच संघ के प्रदेश महासचिव दिलीप सिंह सहित अन्य ग्राम कचहरी प्रतिनिधि मौजूद रहें।


रिपोर्टर