उकरौंड़ा विद्यालय से ‘स्कूल चलो अभियान’ का शुभारंभ, मेधावी छात्र सम्मानित

आजमगढ़। प्रदेश सरकार की पहल पर संचालित ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत शनिवार को पल्हनी ब्लॉक स्थित उकरौंड़ा इंग्लिश मीडियम अपर प्राइमरी विद्यालय में भव्य कार्यक्रम आयोजित कर अभियान का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में नए शैक्षिक सत्र की शुरुआत के साथ-साथ मेधावी छात्रों को वार्षिक परीक्षा फल वितरित कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा वाराणसी के शिवपुर कंपोजिट विद्यालय से किए गए अभियान के सजीव प्रसारण से हुई। इसके पश्चात मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित बीएसए राजीव पाठक, डीआईओएस मनोज कुमार तथा बीईओ दिनेश कुमार वर्मा ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।

प्रधानाचार्य मंजू राय के नेतृत्व में छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग प्रदान किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रेरक भाषणों के माध्यम से शिक्षा के महत्व को उजागर किया।वक्ताओं ने शिक्षा को जीवन का आधार बताते हुए अभिभावकों से अपने बच्चों का नामांकन परिषदीय विद्यालयों में कराने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान बीएसए राजीव पाठक द्वारा कक्षा 8 के मेधावी विद्यार्थियों को परीक्षा फल एवं पुरस्कार वितरित किए गए, साथ ही नए सत्र हेतु निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का भी वितरण किया गया।बीएसए ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य परिषदीय, उच्च प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों में 100 प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना, ड्रॉपआउट दर को शून्य करना तथा प्रत्येक बच्चे को ‘निपुण’ बनाना है।इस अवसर पर राजेश सिंह, संतोष राय, उपेंद्र दत्त शुक्ल, ए आर पी जितेंद्र  मौर्य,राजेश कुमार, अजय सिंह, योगेश कुमार गुप्त, पंकज सिंह , राजन शुक्ला, दिनेश सिंह, शशिकला द्विवेदी, सीमा त्रिपाठी, गार्गी, सुजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट