सकरी में पेट्रोल पंप मालिक के घर भीषण चोरी, सोने चांदी के जेवरात, पिस्तौल, मैगजीन, गोलियां, सहित भारी मात्रा में रकम भरें चेक ले उड़े चोर
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 04, 2026
- 197 views
सीसीटीवी में कैद हुए नकाबपोश तीन चोरों ने, करीब डेढ़ घंटे तक घर में मचाया तांडव
संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
कैमूर-- जिले के कुदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सकरी पंचायत में एनएच-19 स्थित पेट्रोल पंप के समीप एक पेट्रोल पंप मालिक के घर में भीषण चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने घर का मुख्य दरवाजा और कमरों का ताला तोड़कर जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान घर में रखी लाइसेंसी पिस्तौल, मैगजीन और गोलियां समेत चेकबुक एवं कई महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
घटना के संबंध में सकरी निवासी पीड़ित विनय कुमार सिंह ने बताया कि वे 3 नवंबर 2026 को अपने निजी कार्य से शाम करीब तीन बजे वाराणसी के लिए निकले थे। बुधवार की सुबह उन्हें दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली कि उनके घर में चोरी हो गई है और मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलते ही उन्होंने तत्काल कुदरा थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पीड़ित के अनुसार, घर में रखी पिस्तौल, मैगजीन और गोलियां चोर अपने साथ ले गए हैं। इसके अलावा चेकबुक और कई आवश्यक दस्तावेज भी गायब हैं। घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य सामान की चोरी का वास्तविक आकलन परिवार के सदस्यों के वापस आने के बाद ही हो सकेगा।
वहीं, घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग में चोरी की पूरी वारदात सामने आई है। पीड़ित के मुताबिक, रात करीब 2 बजकर 5 मिनट पर तीन नकाबपोश चोर घर में प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं। चोरों ने पहले मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और फिर एक-एक कर सभी कमरों को खंगाल डाला। करीब डेढ़ घंटे तक घर के अंदर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। इस दौरान अलमारी, गोदरेज, बेड बॉक्स सहित कई सामानों को तोड़ दिया गया और घर का पूरा सामान बिखेर दिया गया।
सीसीटीवी फुटेज में तीनों चोरों ने अपने चेहरे पर नकाब बांध रखा है। पीड़ित के अनुसार, उनकी गतिविधियों से वे काफी पेशेवर प्रतीत हो रहे हैं। फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने और घटना का खुलासा करने की मांग की जा रही है।
लगातार चोरी की घटनाओं से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
गौरतलब है कि कुदरा थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्व में हुई कई चोरी की घटनाओं का भी अब तक खुलासा नहीं हो सका है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। हाल ही में लालापुर में एक स्वर्ण व्यवसायी की दुकान में भी चोरी की घटना हुई थी, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो पाया है।


रिपोर्टर