कचहरी परिसर में अधिवक्ता पर पिस्तौल तानने और आंख फोड़ने के प्रयास का आरोप
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 06, 2026
- 3 views
सुप्रीम कोर्ट में SLP हारने की रंजिश में अधिवक्ता व उनके परिवार को गोली मारने की धमकी देने का आरोप, थानाध्यक्ष को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग
अखिल भारतीय समाचार टीम
कैमूर:-- व्यवहार न्यायालय भभुआं के एक अधिवक्ता ने कचहरी परिसर में घुसकर पिस्तौल तान रंगदारी मांगने, जान से मारने की धमकी सहित आंख फोड़ने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए भभुआं थानाध्यक्ष को आवेदन दिया है। आवेदक अधिवक्ता तरुण परमार ने 5 नवंबर 2026 को आवेदन के माध्यम से बंश प्रकाश सिंह, अंकित कुमार सिंह और एक अज्ञात व्यक्ति पर आरोप लगाया है। आवेदन के अनुसार घटना 4 नवंबर को शाम करीब चार बजे की है। अधिवक्ता तरुण परमार अपने चैंबर में बैठकर केस की ड्राफ्टिंग कर रहे थे। इसी दौरान तीनों आरोपित हथियार से लैस होकर उनके टेबल के पास पहुंचे। आरोप है कि बंश प्रकाश सिंह और अंकित कुमार सिंह ने उनके सीने पर पिस्तौल सटा दी और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने तथा पूरे परिवार को गोली मारने की धमकी दी। आरोपितों ने उन्हें गाड़ी से उठवा लेने की भी धमकी दी। अधिवक्ता ने आवेदन में आगे आरोप लगाया है कि विरोध करने पर बंश प्रकाश सिंह ने अपने दोनों अंगूठों से उनकी दोनों आंखों को जोर से दबाकर फोड़ने का प्रयास किया। किसी तरह उन्होंने अपना बचाव किया। इसी बीच आसपास के अन्य अधिवक्ताओं और वरिष्ठ वकीलों को आते देख तीनों आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपित बंश प्रकाश सिंह कुछ दिन पहले अपने गांव में करीब 50 राउंड फायरिंग के मामले में दर्ज चैनपुर थाना कांड संख्या 380/2026 में जमानत पर है। अधिवक्ता ने घटना के पीछे सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी (SLP) हारने की रंजिश को वजह बताया है। अधिवक्ता ने भभुआं थानाध्यक्ष से नामजद आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर सुसंगत धाराओं में कानूनी कार्रवाई करने तथा कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।जिस संबंध में प्रशासन द्वारा भभुआं थाना काण्ड संख्या 1149/26 दर्ज कर अनुसंधान जारी है।


रिपोर्टर