तलेन में मिठाई दुकानों एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण, खाद्य पदार्थों के लिए नमूने
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Nov 04, 2026
- 262 views
राजगढ़
कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशन में जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण की कार्यवाही निरंतर की जा रही है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री एस.एस. खत्री द्वारा राजस्व विभाग के संयुक्त दल के साथ तलेन में मिठाई दुकानों एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान नेमार स्वीट्स एंड एवर फ्रेश से पनीर एवं बेसन के लड्डू, राठौर रेस्टोरेंट से मावा, मावा बर्फी एवं सेव नमकीन तथा राजस्थान मिष्ठान भंडार से मलाई बर्फी, मिल्क केक एवं मावा के नमूने जांच हेतु लिए गए। निरीक्षण के दौरान मौके पर मावा एवं पनीर का प्राथमिक परीक्षण भी किया गया। संग्रहित नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, खाद्य अनुज्ञप्ति एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की जांच की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान राजस्व विभाग की टीम के पटवारी श्री हरि भगस एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे। खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्यवाही आगे भी नियमित रूप से जारी रखी जाएगी।


रिपोर्टर