देशी पिस्तौल, कारतूस और छुरा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Dec 30, 2025
- 98 views
भिवंडी। भिवंडी शहर में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। शांति नगर पुलिस और ठाणे मालमत्ता अपराध शाखा की टीम ने दो अलग-अलग स्थानों से दो युवकों को देशी पिस्तौल, जिंदा कारतूस और धारदार छुरा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 30 दिसंबर की रात करीब 2:25 बजे शांति नगर पुलिस गश्त के दौरान साईनगर की ओर जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से देसी बनावट की एक पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। जब्त हथियार की कीमत करीब 20,500 रुपये बताई जा रही है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान नईम मुजफ्फर अंसारी (35), निवासी बाबा होटल के पास, गायत्री नगर, भिवंडी के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि आरोपी के पास हथियार रखने का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। इस मामले में शांति नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय शस्त्र अधिनियम की धारा 3 व 25 तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 37(1) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी हथियार कहां से लाया और उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।
दूसरे मामले में ठाणे मालमत्ता अपराध शाखा की पुलिस टीम ने पद्ममानगर हनुमान टेकरी के पास से एक युवक को संदिग्ध अवस्था में गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से लोहे का एक धारदार छुरा बरामद किया गया है। गिरफ्तार युवक की पहचान गौरीशंकर गोविंद प्रसाद पांडे (26), निवासी नारायण कंपाउंड, पद्ममानगर, भिवंडी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पांडे के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिसके चलते उसे दो वर्षों के लिए भिवंडी शहर से तड़ीपार किया गया था। इसके बावजूद वह तड़ीपार आदेश का उल्लंघन कर इलाके में घूम रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.


रिपोर्टर