रामपुर में अवैध पटाखों के गोदाम पर पुलिस का छापा, 250 किलो पटाखों के साथ एक गिरफ्तार
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Nov 07, 2026
- 28 views
घर के अंदर बने हाल में छिपाकर रखी गई थीं पटाखों की 10 बोरियां, धनतेरस और दीपावली को लेकर पुलिस का अभियान तेज
रामपुर, जौनपुर। धनतेरस, दीपावली एवं छठ पूजा के त्योहारों को देखते हुए अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण के खिलाफ रामपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने कस्बे में छापेमारी कर एक मकान के अंदर बने हाल से करीब 250 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद पटाखे 10 बोरियों में भरकर रखे गए थे। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध रूप से पटाखों का कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देश पर त्योहारों के मद्देनजर अवैध पटाखों की बिक्री एवं भंडारण के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष रामपुर रमेश कुमार पुलिस टीम के साथ कस्बे में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कस्बा रामपुर निवासी सुभाष चन्द्र गुप्ता पुत्र विक्रमजीत गुप्ता ने अपने घर में भारी मात्रा में पटाखों का अवैध भंडारण कर रखा है और वहीं से उनकी बिक्री कर रहा है।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रमेश कुमार पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही वहां पटाखे खरीदने आए लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग बिना अपना नाम-पता बताए मौके से चले गए। पुलिस ने मकान की तलाशी ली तो अंदर बने हाल में विभिन्न प्रकार के पटाखों से भरी 10 बोरियां बरामद हुईं। इनका कुल वजन करीब दो कुंतल 50 किलोग्राम पाया गया। मौके पर मौजूद सुभाष चन्द्र गुप्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बरामदगी एवं गिरफ्तारी के आधार पर थाना रामपुर में मु0अ0सं0 223/26, धारा 9बी(1)(ब) विस्फोटक अधिनियम 1884 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष रमेश कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मंशाराम गुप्ता, हेड कांस्टेबल हरिगोविन्द, हेड कांस्टेबल अनिरुद्ध प्रसाद, कांस्टेबल आदित्य पटेल, कांस्टेबल सोनू यादव एवं महिला कांस्टेबल शशिकला शामिल रहीं। त्योहारों के मद्देनजर पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध रूप से पटाखों का भंडारण और बिक्री करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पटाखों की खरीद-बिक्री निर्धारित नियमों के अनुसार ही करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।


रिपोर्टर