276 ट्रैक्टरों के साथ किसान यात्रा मोदी के जन्म दिवस पर यक्षिणी मां से मुंडेश्वरी धाम तक
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Oct 10, 2026
- 15 views
दो केंद्रीय मंत्री ने चलाया ट्रेक्टर
रोहतास। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्म दिवस के उपलक्ष्य में जिले के प्रसिद्ध मां भलूनी भवानी धाम के प्रांगण से शुक्रवार को एक विशाल ट्रैक्टर यात्रा निकाली गई। यह यात्रा रोहतास जिले के दिनारा स्थित मां भलूनी भवानी धाम से शुरू होकर कैमूर जिले के मां मुंडेश्वरी धाम तक का सफर तय करेगी। यात्रा की खास बात यह रही कि भाजपा के केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय एवं बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने खुद ट्रैक्टर चला कर यात्रा की शुरुआत की। वहीं सफर के दौरान जगह-जगह स्थानीय लोगों ने भी इस यात्रा का फूल मालाओं से स्वागत किया।जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मां भलुनी भवानी धाम से किसान यात्रा 276 ट्रैक्टरों के साथ निकाली गई, जो लगभग 76 किलोमीटर की दूरी तय कर कैमूर जिले के मां मुंडेश्वरी धाम तक जाएगी। इस यात्रा में हजारों की संख्या में किसानों ने हिस्सा लिया और उनका उत्साह देखते हीं बन रहा था। यात्रा के दौरान किसानों ने 'जय जवान जय किसान' और प्रधानमंत्री के समर्थन में जमकर नारे लगाए।किसान यात्रा के संदर्भ में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन सेवा और जन कल्याण के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में यह विशाल व भव्य किसान यात्रा निकाली जा रही है। यह ट्रैक्टर यात्रा देश के विकास में किसानों के योगदान और प्रधानमंत्री के प्रति उनके अटूट विश्वास को दर्शाता है। साथ हीं भारतीय जनता पार्टी विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से भी एक महीने तक युवा कल्याण, किसान कल्याण, गरीब कल्याण एवं विकसित भारत के संकल्प को दुहरा रही है।केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश के किसान हमारे अन्नदाता हैं, जो अपने जन्म काल से लेकर जीवन के अंतिम समय तक परिश्रम करते रहते हैं। आज केंद्र सरकार पूरी तरह से किसानों के कल्याण और विकास के लिए समर्पित है। उन्होंने कृषि क्षेत्र में सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश का अन्नदाता सशक्त और आत्मनिर्भर बन रहा है।वहीं बाढ़ की विभीषिका झेल रहे बिहार में इन दिनों भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान को लेकर लगातार राजनीतिक बयानबाजी भी हो रही है। विपक्ष का कहना है कि सरकार बाढ़ पीड़ितों की मदद करने की बजाय अपने सरकार के गुणगान पर करोड़ों रुपए उड़ा रही है। बाढ़ के कारण बिहार में लाखों लोग बेघर हो चुके हैं और दो वक्त की रोटी भी नसीब नहीं हो रही, ऐसे में सरकार का यह कृत पूरी तरह संवेदनहीन है.
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने खुद संभाली ट्रैक्टर की कमान
दिनारा रोहतास. वहीं, बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शिक्षा और विकास के मुद्दों पर अपनी बात रखते हुए राजद पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, दिनारा से जनता ने राजद को किनारा कर दिया। उनके इस बयान ने कार्यक्रम में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी। उन्होंने विकास और जनकल्याण से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी बात रखी।कार्यक्रम के संयोजक अखिलेश कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए रोहतास की कृषि पहचान और किसानों के परिश्रम को सम्मान दिया। उन्होंने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी और किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राम सुमरन सिंह को खेती में उपयोग होने वाला हल तथा ‘धान का कटोरा’ कहे जाने वाले रोहतास की पहचान के प्रतीक के रूप में चावल का पॉट भेंट किया। उन्होंने इसे अन्नदाता के सम्मान, कृषि संस्कृति और मिट्टी से जुड़े गौरव का प्रतीक बताया।इस अवसर पर पूर्व विधायक राजेश्वर राज, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और किसान उपस्थित रहे।


रिपोर्टर