भिवंडी में गणेशोत्सव की तैयारी जोरों पर

 मनपा आयुक्त और पुलिस उपायुक्त ने ठेकेदारों की लगाई क्लास


भिवंडी। गणेशोत्सव जैसे महत्वपूर्ण पर्व को ध्यान में रखते हुए आज भिवंडी-निजामपूर शहर महानगरपालिका के प्रशासक तथा आयुक्त  अनमोल सागर और पुलिस उपायुक्त शशिकांत बोराटे ने संयुक्त रूप से गणेश विसर्जन मार्गों की समीक्षा की और एम.एम.आर.डी.ए. व सार्वजनिक बांधकाम विभाग के ठेकेदारों की कड़ी झाड़ाझाड़ी की। आज मंगलवार सुबह महानगरपालिका आयुक्त सागर ने शहर के प्रमुख गणेश विसर्जन घाटों का मुआयना किया, वहीं पुलिस उपायुक्त बोराटे ने सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिकोण से विसर्जन मार्गों का निरीक्षण किया। इसके बाद दोपहर में मनपा मुख्यालय में एक विशेष बैठक का आयोजन हुआ, जिसमें मनपा के वरिष्ठ अधिकारी, अभियंता, प्रभाग अधिकारी, एम.एम.आर.डी.ए.और सार्वजनिक बांधकाम विभाग के अधिकारी व संबंधित ठेकेदार शामिल हुए। बैठक में यह बात सामने आई कि गणेशोत्सव नजदीक है, बावजूद इसके कई सड़कों के कार्य अब भी अधूरे पड़े हैं। इस पर आयुक्त और पुलिस उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। आयुक्त अनमोल सागर ने साफ निर्देश दिए कि आगामी 15 दिनों के भीतर गणेश आगमन और विसर्जन मार्गों की सभी सड़कें पूर्णत: दुरुस्त की जाएं।

पुलिस उपायुक्त शशिकांत बोराटे ने ठेकेदारों और अभियंताओं को स्पष्ट चेतावनी दी कि अगर सड़क की खस्ताहाली के कारण कोई दुर्घटना या अप्रिय घटना घटती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार और अभियंता की होगी। इस बैठक में अतिरिक्त आयुक्त विठ्ठल डाके, पुलिस सहायक आयुक्त सचिन सांगले, शहर अभियंता जमील पटेल, सार्वजनिक बांधकाम विभाग के उपअभियंता गीते, एम.एम.आर.डी.ए. के अभियंता तथा विभिन्न सड़क परियोजनाओं के ठेकेदार उपस्थित थे।

भिवंडी में हर साल गणेशोत्सव भव्यता से मनाया जाता है, ऐसे में प्रशासन की ये तैयारियाँ शहरवासियों को सुरक्षित और व्यवस्थित पर्व मनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही हैं।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट