तड़ीपार आरोपी ने बिना अनुमति शहर में की घुसपैठ, पुलिस ने फिर से दबोचा

भिवंडी। भिवंडी शहर में एक बार फिर कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाला तड़ीपार आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। कनेरी परिसर के रहने वाले सुनील हनमय्या गुत्तेदार (२५) को पूर्व में भिवंडी शहर पुलिस ने गंभीर आपराधिक गतिविधियों के चलते १९ मार्च २०२४ को २ वर्ष के लिए तड़ीपार किया था। लेकिन आरोपी ने किसी भी पुलिस अधिकारी की अनुमति लिए बिना शहर में अवैध रूप से प्रवेश किया। मामला उस समय प्रकाश में आया जब 22 जुलाई दोपहर एक बजे शहर के पद्मानगर स्थित टॉरेंट पावर ऑफिस के पास सुनील संदिग्ध अवस्था में घूमता दिखाई दिया। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी तड़ीपार की शर्तों का उल्लंघन करते हुए पिछले कुछ दिनों से चोरी-छुपे शहर में रह रहा था। सूत्रों के अनुसार, आरोपी को पहले पुलिस ने आपराधिक मामलों में लिप्त पाए जाने के कारण भिवंडी पुलिस उपायुक्त के आदेश पर शहर से तड़ीपार किया था। लेकिन उसने कानून को धता बताते हुए बिना पूर्व अनुमति भिवंडी में प्रवेश किया। शहर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नए सिरे से मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आगे की पूछताछ और जांच जारी है। भिवंडी पुलिस के इस तेज़ और सटीक कार्रवाई की सराहना हो रही है, जिससे शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक अहम संदेश गया है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट