दहेज के लिए बहू का उत्पीड़न, पति सहित ससुराल के ७ लोगों पर केस दर्ज
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Jul 23, 2025
- 162 views
मानसिक प्रताड़ना से टूट चुकी महिला ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
भिवंडी। शांतिनगर पुलिस थाने क्षेत्र से दहेज प्रथा का एक और शर्मनाक मामला सामने आया है। 28 वर्षीय शबनम ( काल्पनिक नाम) नामक महिला ने अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न की गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उससे मायके से पैसे लाने का दबाव डाला जा रहा था। जब उसने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई और गालियां दी गईं। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति और परिवार वाले छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करने लगे। धीरे-धीरे यह झगड़े पैसों की मांग में बदल गए। महिला ने अपने पति आफरीद रजा सलीम बोहरा सहित ससुराल पक्ष के सास- ससुर, नंनद देवर सहित अन्य रिश्तेदार कुल सात लोगों पर उत्पीड़न के आरोप लगाए है। घटना के दिन पीड़िता को कथित तौर पर दहेज की मांग को लेकर बुरी तरह पीटा और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। पीड़िता के मुताबिक, पति और ससुराल वालों ने उसे धमकी दी कि यदि वह मायके से पैसे नहीं लाएगी तो उसका जीना मुश्किल कर देंगे।शांतिनगर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पति समेत सभी सात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 85,115(2),351(2),3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। जिसकी आगे की जांच शांतिनगर पुलिस कर रही है।


रिपोर्टर