छठ एवं दीपावली पर्व के मद्देनजर डीएम ने सासाराम रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण


रोहतास।छठ महापर्व एवं दीपावली पर्व के अवसर पर यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़,सुगम आवागमन तथा विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर जिलाधिकारी,दीपक कुमार मिश्र ने सासाराम रेलवे स्टेशन का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ अनुमंडल पदाधिकारी,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी,नगर आयुक्त,स्टेशन मास्टर,रेलवे सुरक्षा बल के पदाधिकारी तथा जिला प्रशासन और रेलवे के अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने रेलवे स्टेशन परिसर,मुख्य प्रवेश एवं निकास-द्वार,प्लेटफॉर्म,प्रतीक्षालय, यात्री आवागमन मार्ग तथा स्टेशन परिसर के आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से यात्रियों की सुविधा,सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण के लिए की गयी तैयारियों की जानकारी प्राप्त की।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि छठ एवं दीपावली पर्व के दौरान रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए भीड़ प्रबंधन की प्रभावी एवं पूर्व नियोजित व्यवस्था सुनिश्चित की जाय। इसके लिए रेलवे प्रशासन,रेलवे सुरक्षा बल,स्थानीय पुलिस एवं जिला प्रशासन के पदाधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करें। स्टेशन परिसर में प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था सुव्यवस्थित रखी जाय,ताकि यात्रियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े तथा किसी भी परिस्थिति में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न नहीं हो। उन्होंने स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। यात्रियों के आवागमन वाले सभी मार्गों को स्वच्छ, अतिक्रमणमुक्त एवं बाधारहित रखने पर विशेष जोर दिया गया। स्टेशन परिसर में कूड़ा-कचरा का नियमित उठाव,शौचालयों की साफ-सफाई तथा पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया। जिलाधिकारी ने रेलवे सुरक्षा बल तथा स्थानीय पुलिस को निर्देश दिया कि स्टेशन परिसर में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाय। प्लेटफॉर्म, प्रवेश एवं निकास द्वार तथा यात्रियों की अधिक आवाजाही वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाय। भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखते हुए आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था की जाय। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि रेलवे स्टेशन परिसर में अनधिकृत प्रवेश,अवैध पार्किंग तथा अनावश्यक जमावड़े पर रोक लगायी जाय। यात्रियों के सामान एवं व्यक्तिगत सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाय। रेलवे सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस द्वारा नियमित गश्ती की व्यवस्था सुनिश्चित की जाय। जिलाधिकारी ने स्टेशन परिसर के बाहर भी यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाये रखने का निर्देश दिया। ऑटो, ई-रिक्शा, निजी वाहन एवं अन्य यात्री वाहनों के लिए व्यवस्थित ठहराव तथा आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि स्टेशन के मुख्य द्वार तथा आसपास की सड़कों पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। यातायात पुलिस एवं नगर प्रशासन को आपसी समन्वय से यातायात नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यकतानुसार सूचना एवं सहायता व्यवस्था सुदृढ़ करने,भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को तत्पर रहने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि छठ एवं दीपावली जैसे महत्वपूर्ण पर्वों के दौरान आम नागरिकों और यात्रियों की सुरक्षा,सुविधा तथा सुगम आवागमन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जायेगी। सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा यह सुनिश्चित करें कि पर्व के दौरान सासाराम रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों को स्वच्छ,सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध हो जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियाँ समय से पूर्ण करने तथा पर्व अवधि के दौरान लगातार निगरानी एवं नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट