डीएम ने परिवहन कार्यालय का किया निरीक्षण
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Oct 24, 2026
- 1 views
रोहतास।जिलाधिकारी श्री दीपक कुमार मिश्रा ने जिला परिवहन कार्यालय के कार्यों की समीक्षा की, राजस्व लक्ष्य की समयबद्ध प्राप्ति एवं सुगम यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने का दिया निर्देश
सासाराम, दिनांक 24 अक्टूबर 2026।
जिलाधिकारी, रोहतास, श्री दीपक कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में आज दिनांक 24 अक्टूबर 2026 को अपराह्न 03:00 बजे जिला परिवहन कार्यालय, सासाराम के कार्यों की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित राजस्व लक्ष्य के विरुद्ध अब तक हुई राजस्व वसूली की प्रगति की समीक्षा की गई तथा निर्धारित लक्ष्य की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिला परिवहन कार्यालय को कुल 115.00 करोड़ रुपये राजस्व वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके विरुद्ध अब तक 64.93 करोड़ रुपये की राजस्व वसूली की जा चुकी है। जिलाधिकारी ने राजस्व वसूली की प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रभावी कार्ययोजना के अनुरूप कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने सभी प्रवर्तन अवर निरीक्षकों एवं मोटरयान निरीक्षकों को निर्देश दिया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी तत्परता एवं जवाबदेही के साथ करें। उन्होंने निर्धारित राजस्व लक्ष्य की समयबद्ध प्राप्ति के लिए आवश्यक प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा यातायात नियमों के अनुपालन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परिवहन व्यवस्था का उद्देश्य केवल राजस्व संग्रह करना ही नहीं, बल्कि जिले में सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात सुनिश्चित करना भी है। इस दिशा में सभी संबंधित पदाधिकारी समन्वय के साथ कार्य करें तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाएं।
जिलाधिकारी की आम नागरिकों से अपील
जिलाधिकारी श्री दीपक कुमार मिश्रा ने रोहतास जिले के समस्त वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहन चलाते समय आवश्यक कागजात अपने साथ रखें तथा वाहन से संबंधित सभी वैधानिक दायित्वों का समय पर निर्वहन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। निर्धारित गति सीमा का पालन करें और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें।
उन्होंने नागरिकों से यह भी अपील की कि वे सड़क सुरक्षा को अपनी सामूहिक जिम्मेदारी समझें तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में प्रशासन को सहयोग प्रदान करें।
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि राजस्व वसूली एवं यातायात प्रबंधन के कार्यों में निरंतर सुधार लाते हुए निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करें। जिला प्रशासन, रोहतास, सुरक्षित यातायात व्यवस्था एवं बेहतर परिवहन सेवाओं के लिए प्रतिबद्ध है।


रिपोर्टर