बाइक की टक्कर से वृद्ध महिला की मौत, चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Oct 13, 2026
- 41 views
बरसठी (जौनपुर)। बरसठी थाना क्षेत्र के हंसिया गांव में मियाचक-निगोह मार्ग पर मंगलवार शाम सड़क पार कर रही 65 वर्षीय वृद्ध महिला की बाइक की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोग उन्हें बाजार स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बाइक कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हंसिया गांव निवासी कलुआ देवी (65) पत्नी बब्बन बिंद का मकान सड़क किनारे है। मंगलवार शाम वह किसी काम से सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान निगोह की ओर से आ रही तेज रफ्तार हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास के लोग उन्हें तत्काल निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
कलुआ देवी का इकलौता बेटा संतोष बिंद रोजी-रोटी के सिलसिले में गुजरात में रहकर निजी काम करता है। वह अपनी बहू इसरावती देवी के साथ रहती थीं। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक छा गया। बहू इसरावती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक कब्जे में लेकर थाने भेज दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि सड़क दुर्घटना में वृद्ध महिला की मौत हुई है। मामले में बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।


रिपोर्टर