रामपुर सीएचसी में इंजेक्शन लगने के बाद युवती की बिगड़ी तबीयत, भभुआं सदर अस्पताल ले जाने के दौरान मौत
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Sep 16, 2026
- 44 views
संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
कैमूर------ जिला के रामपुर प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार को इलाज कराने पहुंची करीब 19 वर्षीय युवती की इंजेक्शन दिए जाने के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। गंभीर हालत में उसे भभुआ सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद युवती को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतका के गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका की पहचान करमचट थाना क्षेत्र के बरांव गांव निवासी विश्वंभर प्रजापति की करीब 19 वर्षीय पुत्री चांदनी कुमारी के रूप में हुई है। चांदनी बीए पार्ट-वन की छात्रा थी।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को चांदनी कुमारी अपनी सहेली सोनी कुमारी के साथ बेलांव गई थी। वहां से करीब साढ़े 12 बजे वह रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची। अस्पताल में पर्ची कटवाने के बाद उसने डॉक्टर को अपनी तबीयत खराब होने की जानकारी दी। युवती ने बताया कि वह करीब एक महीने से बुखार से पीड़ित थी और पहले से दवाइयां भी खा रही थी।
इसके बाद डॉक्टर द्वारा मलेरिया और टाइफाइड की जांच कराई गई। जांच में टाइफाइड पॉजिटिव पाए जाने की बात सामने आई। इसके बाद ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर अक्षय कुमार ने युवती को टाइफाइड की दवाइयां दीं।
बताया जा रहा है कि दवाइयां लेने के बाद युवती ने डॉक्टर से कहा कि वह काफी दिनों से बीमार है और जल्द ठीक होना चाहती है, इसलिए उसे दवाइयों की जगह इंजेक्शन दे दिया जाए। इसके बाद डॉक्टर द्वारा इंजेक्शन लिखे जाने की बात सामने आई।
इंजेक्शन दिए जाने के दौरान ही युवती की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजनों के अनुसार, युवती का ब्लड प्रेशर और ऑक्सीजन लेवल कम हो गया तथा उसे उल्टी होने लगी। बताया गया कि अभी इंजेक्शन की थोड़ी ही मात्रा दी गई थी, तभी उसकी स्थिति गंभीर हो गई।
स्थिति को गंभीर देखते हुए रामपुर सीएचसी के डॉक्टरों ने युवती को तत्काल बेहतर इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इस दौरान युवती की सहेली ने फोन कर परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन भी सदर अस्पताल के लिए रवाना हुए, लेकिन भभुआ पहुंचने से पहले ही रास्ते में युवती की मौत हो गई।
भभुआं सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने युवती की जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराने का निर्णय लिया और शव को लेकर बेलांव पहुंचे, जहां डॉक्टर से बातचीत के बाद शव लेकर अपने गांव बरांव के लिए रवाना हो गए।
इधर, इस पूरे मामले को लेकर रामपुर सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर रमेश कुमार से फोन पर जानकारी ली गई। उन्होंने बताया कि मंगलवार को अस्पताल में ड्यूटी पर डॉक्टर अक्षय कुमार मौजूद थे। उनके अनुसार, युवती करीब एक महीने से बुखार होने की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंची थी। जांच में टाइफाइड पॉजिटिव पाया गया था।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि डॉक्टर द्वारा युवती को दवाइयां दी गई थीं, लेकिन युवती ने इंजेक्शन देने का आग्रह किया था। इसके बाद इंजेक्शन देने के दौरान ही उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसका बीपी तथा ऑक्सीजन लेवल कम हो गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल सदर अस्पताल भभुआ रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
वहीं, जब प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से इंजेक्शन लगाने के बाद रिएक्शन होने की आशंका और तबीयत बिगड़ने के कारणों के बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि किस वजह से तबीयत बिगड़ी, यह वे नहीं बता सकते।
हालांकि, घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों के बीच कई तरह की चर्चाएं हैं। लोगों का कहना है कि इंजेक्शन दिए जाने के दौरान ही युवती की तबीयत अचानक बिगड़ी और इसके बाद उसकी मौत हो गई। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर इंजेक्शन देने के बाद युवती की तबीयत इतनी तेजी से क्यों बिगड़ी? क्या उसे किसी दवा या इंजेक्शन से रिएक्शन हुआ था, या इसके पीछे कोई अन्य चिकित्सकीय कारण था?
फिलहाल, युवती की मौत की वास्तविक वजह क्या थी, यह जांच का विषय है। बिना चिकित्सकीय जांच और आधिकारिक रिपोर्ट के इसे डॉक्टर या अस्पताल कर्मियों की लापरवाही से हुई मौत कहना उचित नहीं होगा। लेकिन घटना ने सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था और इलाज के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर जरूर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब देखने वाली बात होगी कि इस मामले में स्वास्थ्य विभाग या संबंधित प्रशासन की ओर से कोई जांच कराई जाती है या नहीं और जांच के बाद युवती की मौत की वास्तविक वजह क्या सामने आती है।
इधर, चांदनी की मौत के बाद बरांव गांव में मातम पसरा हुआ है। बीए पार्ट-वन की छात्रा की अचानक मौत से परिवार और गांव के लोग सदमे में हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


रिपोर्टर