प्रसूता की रास्ते में मौत, रेफरल व्यवस्था पर उठे सवाल

भभुआं सदर अस्पताल में प्रसव के बाद बिगड़ी थी तबीयत, वाराणसी ले जाने के दौरान दुर्गावती के पास तोड़ा दम

संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट 

कैमूर------ जिले के कुदरा थाना क्षेत्र के देवराढ़ गांव से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। 26 वर्षीय प्रसूता दूजा देवी, पति रविंदर प्रसाद गुप्ता की वाराणसी ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है बताया जा रहा है कि दूजा देवी को प्रसव के लिए भभुआ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रसव के बाद अचानक महिला की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों के अनुसार, प्रसव के बाद महिला को अत्यधिक रक्तस्राव हुआ, जिसके चलते उसकी स्थिति लगातार गंभीर होती चली गई।

स्थिति बिगड़ने पर चिकित्सकों ने महिला को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी के हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन एंबुलेंस के माध्यम से महिला को वाराणसी लेकर जाने लगे। लेकिन रास्ते में दुर्गावती के पास महिला की हालत और ज्यादा गंभीर हो गई और उसने दम तोड़ दिया।

महिला की हालत बिगड़ने के बाद परिजन उसे दुर्गावती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने महिला की जांच की, जिसके बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया।

जैसे ही महिला की मौत की खबर परिवार के लोगों को मिली, घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, इस घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।

इस घटना ने एक बार फिर गंभीर मरीजों के रेफरल सिस्टम और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों का कहना है कि प्रसव के बाद महिला की हालत लगातार बिगड़ रही थी और उसे बेहतर इलाज की जरूरत थी। उनका आरोप है कि अगर समय रहते आवश्यक चिकित्सा सुविधा और बेहतर उपचार उपलब्ध हो जाता, तो शायद महिला की जान बचाई जा सकती थी।

हालांकि, महिला की मौत को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभी तक विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पूरे मामले में प्रसूता की मौत के वास्तविक कारण और इलाज के दौरान अपनाई गई प्रक्रिया की जानकारी जुटाई जा रही है।

वहीं, डीपीएम के अनुसार प्रसव के बाद नवजात पूरी तरह स्वस्थ है। नवजात की स्थिति सामान्य बताई जा रही है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका ध्यान रखा जा रहा है।

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि प्रसव के बाद अत्यधिक रक्तस्राव से गंभीर हुई महिला को समय पर किस स्तर की चिकित्सा सुविधा मिली और रेफर किए जाने के बाद उसे बेहतर उपचार तक पहुंचाने की व्यवस्था कितनी प्रभावी रही

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट