मेरे सपनों का भारत 2047’ में बच्चों ने रंगों से सजाया भविष्य का भारत
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Sep 24, 2026
- 14 views
चित्रों में दिखी विकसित भारत की कल्पना, अंजू चौहान प्रथम, लक्ष्मी गौतम द्वितीय व प्रिंसी त्यागी तृतीय
बरसठी। (जौनपुर )शिक्षा अधिकारी कार्यालय में गुरुवार को ‘मेरे सपनों का भारत 2047’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी गौतम प्रसाद के नेतृत्व में आयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने उत्साह और उमंग के साथ प्रतिभाग किया। बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता, कला कौशल और रचनात्मक सोच का परिचय देते हुए कागज पर वर्ष 2047 के भारत की तस्वीर उकेरी। रंगों के माध्यम से बच्चों ने विकसित, आत्मनिर्भर, स्वच्छ और समृद्ध भारत के सपनों को साकार करने का प्रयास किया।
प्रतियोगिता में कंपोजिट विद्यालय गोरापट्टी की छात्रा अंजू चौहान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कंपोजिट विद्यालय जमुनीपुर की लक्ष्मी गौतम द्वितीय तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की प्रिंसी त्यागी तृतीय स्थान पर रहीं। विजेता छात्राओं की प्रतिभा की अतिथियों और शिक्षकों ने सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथि भाजपा जिला महामंत्री संतोष कुमार मिश्रा ने कहा कि बच्चों में देश के भविष्य की तस्वीर देखने को मिलती है। ऐसे आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है और उनके अंदर रचनात्मक सोच विकसित होती है। विशिष्ट अतिथि खंड विकास अधिकारी वर्षा बंग ने भी बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि चित्रकला बच्चों की कल्पनाशक्ति को निखारने का प्रभावी माध्यम है। अन्य अतिथियों ने भी प्रतिभागी बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मुकेश सिंह बिसेन, किसान मोर्चा महामंत्री रमेश दुबे, मंडल कोषाध्यक्ष अजय सिंह और मंडल मंत्री मुरारी सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन आरपी विकास ने किया। आरपी शिवनन्द यादव, आरपी विनोद कुमार पाण्डेय, आरपी श्री नारायण यादव, शिक्षक जुगेश चंद्र यादव, संतलाल गौतम, आनंद कुमार सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।


रिपोर्टर