एसपी की सख्ती के बाद दुर्गा मंदिर चोरी का हुआ खुलासा सोना हुआ बरामद

शक के आधार पर पहले नशेड़ी को पकड़ा, जांच आगे बढ़ी तो सोनू अंसारी और सोनार राजा राम तक पहुंची पुलिस

संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट 

कैमूर-------- मंगलवार की अर्धरात्रि भभुआ शहर के दक्षिण मोहल्ला स्थित मां दुर्गा मंदिर में हुई लाखों रुपये के आभूषणों की चोरी के मामले में कैमूर एसपी शिखर चौधरी ने कड़ा संज्ञान लिया है। एसपी की सख्ती के बाद भभुआ थाना पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच तेज कर दी। पुलिस ने शुरुआत में शक के आधार पर एक नशेड़ी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस ने मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सोनू अंसारी, निवासी वार्ड संख्या 22, भभुआ और राजा राम, निवासी वार्ड संख्या 27 के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि सोनू अंसारी पर पूर्व में भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। जांच के दौरान मंदिर से आभूषण चोरी करने में उसकी संलिप्तता सामने आने की बात पुलिस ने कही है।

चोरी के बाद गहने पहुंचाए गए सोनार के पास

पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि मंदिर से चोरी किए गए सोने के आभूषणों को पहचान छिपाने के उद्देश्य से गलाने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार, चोरी के सोने के सामान को स्थानीय सोनार राजा राम के यहां गलाया गया था।

पुलिस ने राजा राम की गिरफ्तारी के साथ उसके पास से गलाया हुआ सोना भी बरामद किया है। अब पुलिस बरामद सोने की मात्रा और मंदिर से चोरी किए गए आभूषणों के बीच संबंध की जांच कर रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट