मोहनियां समेकित जांच चौकी अवैध वसूली पर फिर गिरी गाज, 3 सैप व 1 होमगार्ड जवान गिरफ्तार
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 21, 2026
- 79 views
पुलिस ने 83,890 रुपये नकद और चार मोबाइल जब्त किए, एक माह में दूसरी बड़ी कार्रवाई से मचा हड़कंप
ब्यूरो चीफ संदीप कुमार की रिपोर्ट
कैमूर:-- जिले के मोहनिया स्थित समेकित जांच चौकी पर अवैध वसूली के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। कैमूर एसपी शिखर चौधरी के निर्देश पर यातायात डीएसपी और मोहनिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार देर रात छापेमारी कर वाहन चालकों से अवैध उगाही करते चार जवानों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सैप के जवान गंगासागर सिंह, बच्चू प्रसाद और मनीराम शर्मा तथा होमगार्ड के जवान सुनील कुमार गुप्ता शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 83,890 रुपये नकद और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
सभी से पूछताछ की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। यह उल्लेखनीय है कि पिछले एक माह के भीतर समेकित जांच चौकी पर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले हुई छापेमारी में चार सैप जवानों और पांच निजी सहायकों सहित नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया था। ताजा कार्रवाई के बाद एक महीने में इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है। लगातार हो रही गिरफ्तारियों ने जांच चौकी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरानी की बात यह है कि जांच चौकी पर तीनों शिफ्टों में अधिकारियों की तैनाती के बावजूद कथित अवैध वसूली का खेल जारी रहा। ऐसे में जांच चौकी प्रभारी (एडीटीओ) की निगरानी व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई है। मोहनिया डीएसपी गोपाल कृष्ण
ने बताया कि समेकित जांच चौकी पर की गई कार्रवाई में 83,890 रुपये नकद के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें तीन सैप के जवान और एक होमगार्ड जवान शामिल हैं। सभी से पूछताछ की जा रही है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


रिपोर्टर