गया जंक्शन पर लावारिस बैग से 15 बोतल विदेशी शराब बरामद, जीआरपी में प्राथमिकी दर्ज
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 04, 2026
- 30 views
ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट
गयाजी-- गया जंक्शन रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल की सतर्कता से एक लावारिस पिट्ठू बैग से विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की गई। इस मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत गया रेल थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गया के सहायक उपनिरीक्षक रणधीर कुमार अपनी टीम के साथ स्टेशन परिसर में गश्त कर रहे थे। उनके साथ प्रधान आरक्षक संतोष कुमार सिंह, आरक्षक मुकेश कुमार, राकेश कुमार सिंह, अनिल प्रसाद, आलोक कुमार सक्सेना, अपराध आसूचना शाखा के सहायक उपनिरीक्षक अनिल कुमार चौधरी, सीपीडीएस टीम के आरक्षक अमित कुमार तथा रेल सुरक्षा बल के सिपाही मुन्ना प्रसाद भी मौजूद थे।
गश्त के दौरान प्लेटफार्म संख्या दो-तीन के हावड़ा छोर स्थित ऊपरी पैदल पुल के नीचे एक पिट्ठू बैग लावारिस अवस्था में पड़ा मिला। बैग पर संदेह होने पर आसपास मौजूद यात्रियों से उसके स्वामित्व के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी बैग पर अपना दावा नहीं किया।
इसके बाद नियमानुसार बैग की तलाशी ली गई, जिसमें बकार्डी लाइमोन ओरिजिनल साइट्रस रम की कुल 15 बोतल, कुल 11.250 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत लगभग 12 हजार रुपये बताई गई है।
रेलवे सुरक्षा बल ने शराब को विधिवत जब्त कर सहायक उपनिरीक्षक रणधीर कुमार के लिखित शिकायत पत्र के आधार पर गया रेल थाना में कांड संख्या 172/26 दर्ज कराया। मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2022 की धारा 30(क) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


रिपोर्टर