दो जगहों पर छापेमारी, लाखों रुपये की राजस्व क्षति, प्राथमिकी दर्ज करने की अनुशंसा
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jul 02, 2026
- 24 views
रोहतास। दक्षिण बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (SBPDCL) की नासरीगंज विद्युत आपूर्ति शाखा द्वारा बिजली चोरी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार को दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की गई। जांच के दौरान अवैध रूप से बिजली उपयोग के मामले सामने आने पर संबंधित उपभोक्ताओं के विरुद्ध भारतीय विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 135 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने की अनुशंसा की गई है।
पहला मामला : 4.05 लाख रुपये से अधिक की राजस्व क्षति
कनीय विद्युत अभियंता पंकज कुमार शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने नासरीगंज थाना क्षेत्र के शरीफडीह गांव निवासी सुरेश कुमार के परिसर की जांच की। जांच में पाया गया कि बिजली के मुख्य सर्विस तार को मीटर से पहले काटकर अवैध कनेक्शन के माध्यम से बिजली की चोरी की जा रही थी।
मौके पर जुड़े अवैध तार तथा स्मार्ट मीटर को जब्त कर लिया गया। विभागीय आकलन के अनुसार इस चोरी से ₹4,05,074 की राजस्व क्षति हुई है। विभाग ने संबंधित राशि की वसूली के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई की अनुशंसा की है।
दूसरा मामला : स्मार्ट मीटर बाईपास कर हो रही थी बिजली चोरी
दूसरी कार्रवाई में सहायक विद्युत अभियंता राजू कुमार के नेतृत्व में टीम ने नासरीगंज थाना क्षेत्र के जामलपुर स्थित एक व्यावसायिक परिसर की जांच की। यहां सुजीत कुमार सिंह के नाम से संचालित विद्युत कनेक्शन में स्मार्ट मीटर को बाईपास कर सीधे बिजली उपयोग किए जाने का मामला सामने आया।
जांच के दौरान लगभग 13.50 किलोवाट का लोड पाया गया। विभाग ने मौके से मीटर एवं अवैध तार जब्त कर लिए। इस मामले में बिजली कंपनी को ₹54,499 की राजस्व क्षति होने का आकलन किया गया है।
इनकी रही मौजूदगी
दोनों छापेमारी अभियानों में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ विद्युत अवर प्रमंडल, एसटीएफ, पुलिस बल एवं विभागीय कर्मी मौजूद रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


रिपोर्टर