मंत्री बोले— जेल की जमीन पर अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं, जल्द होगा परियोजना का शिलान्यास
- श्याम नारायण मौर्य, संवाददाता आजमगढ़
- Jun 21, 2026
- 2 views
आजमगढ़। शहर के मध्य स्थित पुरानी जेल की जर्जर और खाली पड़ी भूमि के पुनर्विकास का मार्ग प्रशस्त होने पर रोटरी क्लब आजमगढ़ ने प्रदेश के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान का सम्मान कर आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री से परियोजना को स्वीकृति दिलाने में उनकी भूमिका की सराहना करते हुए पुरानी कोतवाली स्थित अग्रवाल धर्मशाला में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।समारोह में रोटरी क्लब के अध्यक्ष श्रेय अग्रवाल एवं सचिव रवि शंकर प्रजापति के नेतृत्व में मंत्री का माल्यार्पण, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। क्लब पदाधिकारियों ने आजमगढ़ के विकास में योगदान के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए सामाजिक गतिविधियों के संचालन हेतु क्लब के लिए स्थायी कार्यालय उपलब्ध कराने की मांग भी रखी।अपने संबोधन में कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि रोटरी क्लब हमेशा सेवा और जनकल्याण के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि क्लब सरकार के साथ मिलकर जनपद के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता रहेगा।पुरानी जेल की भूमि के संबंध में मंत्री ने स्पष्ट कहा कि इस बहुमूल्य सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कहीं अतिक्रमण पाया गया तो उसे तत्काल हटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस भूमि का उपयोग केवल विकास कार्यों के लिए होगा और इसके कायाकल्प की परियोजना का जल्द ही मुख्यमंत्री के हाथों शिलान्यास कराया जाएगा।इस अवसर पर अनूप अग्रवाल, ओम प्रकाश अग्रवाल, अजय अग्रवाल, सुधीर अग्रवाल, मनीष रत्न अग्रवाल, रित्विक जायसवाल, प्रवीण सिंह, अजेंद्र राय, गगन अग्रवाल, आनंद बरनवाल, राकेश अग्रवाल, रितेश गोयल, अमन गर्ग सहित रोटरी क्लब के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।


रिपोर्टर