राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पंवार के नेतृत्व में सैकड़ों मोटरसाइकिलों के साथ हजारों कार्यकर्ताओं ने लिया ‘विकसित भारत 2047’ का संकल्प
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Oct 07, 2026
- 46 views
राजगढ़ । प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत बुधवार को ब्यावरा विकासखण्ड में सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का संदेश देती भव्य मोटरसाइकिल यात्रा निकाली गई। जिला मुख्यालय स्थित स्टेडियम में आयोजित ‘सेवा ज्योति यात्रा–विकसित भारत संकल्प सभा’ कार्यक्रम में सहभागिता के पश्चात प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग श्री नारायण सिंह पंवार कार्यकर्ताओं के साथ संकल्प यात्रा लेकर ब्यावरा विकासखण्ड की ओर रवाना हुए। ब्यावरा शहर में राजगढ़ चौराहे से मंत्री कार्यालय तक आयोजित मोटरसाइकिल यात्रा में सैकड़ों मोटरसाइकिलों पर हजारों कार्यकर्ता उत्साहपूर्वक शामिल हुए। यात्रा के दौरान पूरे शहर में सेवा, समर्पण, राष्ट्र प्रथम और विकसित भारत का संदेश गूंजता रहा।
यात्रा के समापन अवसर पर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष केवल एक लंबी राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि ‘गांव से ग्लोबल’ तक भारत के बढ़ते सामर्थ्य, आत्मविश्वास और विकास की गौरवगाथा हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के दूरदर्शी एवं निर्णायक नेतृत्व में देश निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। युवा शक्ति के लिए नए अवसरों का सृजन हुआ है, नारीशक्ति को सम्मान एवं सशक्तिकरण मिला है, किसानों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खुले हैं तथा युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में अनेक अवसर उपलब्ध हुए हैं।
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि आज हम सभी ने प्रधानमंत्री श्री मोदी का प्रेरणादायी संबोधन सुना। उनके कुशल मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश भी विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। डबल इंजन की सरकार आधुनिक अधोसंरचना, सुशासन, जनकल्याण और समग्र खुशहाली के संकल्प के साथ प्रदेश को विकास की नई गति प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर देवतुल्य जनता और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर विकसित भारत के संकल्प को गति देने तथा मध्य प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने का दृढ़ संकल्प दोहराया।
मोटरसाइकिल यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली। पूरे मार्ग में राष्ट्र सेवा, जनसेवा और विकास के संकल्प के साथ प्रधानमंत्री श्री मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल को लेकर कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस यात्रा का विभिन्न स्थानों पर नागरिकों द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत अभिनंदन किया गया।


रिपोर्टर