मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने की अपील, रामपुर थाना में पीस कमेटी की बैठक संपन्न

रामपुर, जौनपुर। आगामी मोहर्रम पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को थाना रामपुर परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मड़ियाहूं उपजिलाधिकारी नवीन कुमार तथा क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं विजय चौधरी ने की। इस दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक, धर्मगुरु और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए उपजिलाधिकारी नवीन कुमार ने लोगों से मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार सामाजिक एकता और सद्भाव का संदेश देते हैं, इसलिए सभी लोग मिल-जुलकर पर्व मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को उपलब्ध कराएं। क्षेत्राधिकारी विजय चौधरी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने तथा शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया। थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मोहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। ताजिया जुलूस के निर्धारित मार्गों, यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने सभी आयोजकों एवं नागरिकों से निर्धारित नियमों का पालन करने और प्रशासन को सहयोग देने की अपील की। बैठक में उपनिरीक्षक मंहगूराम यादव, राम आश्रय कुशवाहा, बाबूराम बिंद, इस्लाम, मंजीत, नीरज श्रीवास्तव, मनीष शुक्ला, सभासद इरफान अंसारी सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने भी अपने सुझाव साझा किए और मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। बैठक के अंत में अधिकारियों ने सभी से आपसी सद्भाव, भाईचारे और सामाजिक समरसता बनाए रखने का आह्वान करते हुए मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का संकल्प दोहराया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट