हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयघोष के साथ तार बंगला से बाबा धाम को रवाना हुआ कांवरियों का जत्था
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Aug 06, 2026
- 17 views
संवाददाता पारसनाथ दुबे की रिपोर्ट
डेहरी। रोहतास। सावन माह के पावन अवसर पर कांवरिया संघ, तार बंगला के बैनर तले बाबा धाम के लिए भव्य कांवर यात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं ने 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के गगनभेदी जयघोष के साथ उत्साहपूर्वक यात्रा शुरू की।
विधिक संघ के पदाधिकारियों ने किया रवाना
कांवर यात्रा को डेहरी अनुमंडल विधिक संघ के पूर्व अध्यक्ष उमाशंकर पाण्डेय उर्फ मुटुर पाण्डेय तथा अधिवक्ता मुनमुन पांडे ने श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन करते हुए रवाना किया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में 'बोल बम' के नारे गूंजते रहे।
मंदिरों में की गई पूजा-अर्चना
यात्रा के दौरान कांवरियों ने सर्वप्रथम एनीकट स्थित बाबा झारखंडी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद अनुमंडल परिसर स्थित हनुमान मंदिर तथा डेहरी बाजार के हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन कर बाबा धाम के लिए प्रस्थान किया।
25 वर्षों से चली आ रही है परंपरा
कांवरिया संघ के व्यवस्थापक ललन सिंह गदर एवं अजय सिंह ने बताया कि उनकी टोली पिछले करीब 25 वर्षों से लगातार प्रत्येक वर्ष बाबा धाम की यात्रा करती आ रही है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष सैकड़ों महिला एवं पुरुष श्रद्धालु एक समान वेशभूषा धारण कर 'बोल बम' के जयघोष के साथ बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए रवाना होते हैं।
भक्ति में डूबा रहा पूरा मार्ग
इस अवसर पर अजय पासवान साधु जी सहित बड़ी संख्या में कांवरिया श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे मार्ग में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा तथा शिवभक्तों के जयघोष से वातावरण शिवमय हो उठा।


रिपोर्टर