मजदूर को घर बुलाकर गोली मारा और शव ले कर फरार पुलिस ने यूपी के समीपवर्ती गाजीपुर से पकडा
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Aug 05, 2026
- 84 views
रोहतास। जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के योगियां गांव में बुधवार की सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार आरोप है कि करीब 55 वर्षीय मजदूर चंद्रेश्वर चौधरी को गांव के ही अजीत तिवारी ने अपने घर बुलाया, जहां मजदूरी को लेकर उन्हें गोली मार दी गई। घटना के बाद आरोपित के कथित रूप से शव को अपनी टाटा सफारी वाहन में लेकर फरार होने का दावा किया जा रहा है।
घटना की सूचना फैलते ही गांव में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपित के घर में आग लगा दी हार्वेस्टर ट्रैक्टर सहित घर में रखा लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर नष्ट हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उसे ग्रामीणों के विरोध और जनाक्रोश का सामना करना पड़ा।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बिक्रमगंज के डीएसपी कई थानों की पुलिस के साथ घटनास्थल पहुंचे। बाद में स्थिती बिगड़ती देख रोहतास के पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, समाचार प्रेषण तक पुलिस आरोपित को यूपी के गाजीपुर समीपवर्ती इलाके से गिरफ्तार कर ली थी और कथित मृतक का शव बरामद करने के लिए एसडीआर एफ की मदद से नहर में खोजा जा रहा था। पुलिस ने घटनास्थल से एक रायफल बरामद की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उससे गोली चलने की बात सामने आई है। हालांकि मामले की विस्तृत जांच जारी है।फिलहाल पूरे गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है तथा एहतियात के तौर पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।आरक्षी अधीक्षक रौशन कुमार ने बताया कि पुलिस आरोपित की गिरफ्तारी कर चुकी थी एवं शव को बरामदगी के लिए नहर में एसडीआर एफ की मदद से खोजा जा रहा था।


रिपोर्टर