डेहरी में नगर परिषद EO की हत्या के विरोध में राजद का उग्र प्रदर्शन, हत्यारों को फांसी और विधायक सोनू सिंह पर लगे आरोप

संवाददाता पारसनाथ दुबे की रिपोर्ट 

डेहरी(रोहतास)--- डेहरी डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी। विमल कुमार की हत्या के विरोध में गुरुवार को राजद कार्यकर्ताओं ने डेहरी अनुमंडल एसडीएम कार्यालय के समीप जोरदार धरना एवं प्रदर्शन किया। 

इस प्रदर्शन का नेतृत्व डेहरी विधानसभा के राजद के पूर्व प्रत्याशी गुड्डू चंद्रवंशी ने किया। धरना स्थल पर सैकड़ों की संख्या में राजद कार्यकर्ता और स्थानीय लोग जुटे। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर हत्यारों को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग की। 

सभा को संबोधित करते हुए गुड्डू चंद्रवंशी ने कहा कि नगर परिषद के अधिकारी की हत्या से साबित हो गया है कि डेहरी में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने मांग की कि इस जघन्य हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को फांसी की सजा दी जाए। प्रदर्शनकारी पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगा रहे थे।कार्यकर्ताओं ने "मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुर्दाबाद" के नारे लगाते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा। 

प्रदर्शन के दौरान राजद नेताओं ने डेहरी के वर्तमान विधायक राजीव रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह पर हत्या में संलिप्तता का आरोप लगाया। नेताओं ने कहा कि विधायक के संरक्षण में ही अपराधी बेलगाम हो गए हैं। इस दौरान मगध रेंज के आईजी विकास वैभव के खिलाफ भी नारेबाजी की गई। 

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन मामले को दबाने का प्रयास कर रहा है। आम सभा में वक्ताओं ने कहा कि जब तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। 

कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर 7 दिनों के अंदर कार्रवाई की मांग की। 

राजद नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर मांगे नहीं मानी गईं तो आगे उग्र आंदोलन किया जाएगा। धरने में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी शामिल थीं। 

 प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की है। 

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट