कुदरा थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा, सरिया लदी ट्रक डिवाइडर से टकराई, दो की मौत


रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट

कुदरा/कैमूर:--- जिले के कुदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पुसौली स्थित बंशीधर पेट्रोल पंप के सामने गुरुवार तड़के करीब सुबह 4 से 5 बजे के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सरिया से लदी एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर राष्ट्रीय राजमार्ग के डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक में लदी भारी सरिया आगे की ओर खिसक गई, जिससे केबिन बुरी तरह दब गया और उसमें सवार दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही कुदरा थाना पुलिस और एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद ट्रक के क्षतिग्रस्त केबिन से दोनों शवों को बाहर निकाला गया। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस और एनएचएआई की टीम ने सामान्य कराया।


मृतकों की पहचान चालक शंकर यादव, पिता जगन्नाथ यादव, ग्राम बेरगी, थाना डुमरी, जिला गिरिडीह (झारखंड) तथा दूसरे व्यक्ति भुनेश्वर यादव, पिता स्वर्गीय देवचंद यादव, ग्राम कुडारी, जिला बगोदर, झारखंड के निवासी के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतकों में एक व्यक्ति ट्रक का मालिक था, जबकि दूसरा चालक था। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।

कुदरा पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, भभुआ भेज दिया है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है, जिसके बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया था।

फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। शुरुआती अनुमान के अनुसार, तेज रफ्तार, चालक को झपकी आना या वाहन पर नियंत्रण खो देना हादसे की संभावित वजह हो सकती है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट