नीट-2026 क्वालीफाई करने वाले विद्यार्थियों का राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पंवार ने किया सम्मान
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Aug 01, 2026
- 94 views
राजगढ़ । ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र से नीट-2026 क्वालीफाई करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग नारायण सिंह पंवार ने सम्मान कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पंवार ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी नीट की तैयारी, सफलता के अनुभव, आगे की पढ़ाई, चिकित्सा के क्षेत्र में रुचि और भविष्य के लक्ष्यों के बारे में चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आज की सफलता उनके परिश्रम का परिणाम है, लेकिन यह मंजिल नहीं बल्कि एक नए दायित्व की शुरुआत है।
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार युवाओं और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं, कौशल विकास और उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप पीएम श्री विद्यालयों जैसी पहलों के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। वहीं, मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति एवं आर्थिक सहायता प्रदान करने की दिशा में भी केंद्र सरकार की योजनाएँ महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा के क्षेत्र में अधोसंरचना विकास, छात्रवृत्ति एवं उच्च शिक्षा को प्रोत्साहन देने वाली योजनाओं के माध्यम से निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना का उद्देश्य प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना है।
परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और विद्यार्थियों के अधिकारों की रक्षा जरूरी
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पंवार ने कहा कि विद्यार्थियों की वर्षों की मेहनत और उनके सपनों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होना चाहिए। इसी उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 लाया गया है। यह विधेयक सार्वजनिक परीक्षाओं में अनुचित साधनों और संगठित अनियमितताओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए कड़े दंड, समयबद्ध जांच तथा विशेष फास्ट-ट्रैक न्यायालयों जैसी व्यवस्थाओं को मजबूत करने का प्रस्ताव करता है।
उन्होंने कहा कि नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में विद्यार्थियों की मेहनत, प्रतिभा और योग्यता का सम्मान तभी सुनिश्चित होगा, जब परीक्षा व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष हो। सरकार के ऐसे प्रयास लाखों विद्यार्थियों के विश्वास को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि आज सम्मानित विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से ब्यावरा विधानसभा का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने विद्यार्थियों के माता-पिता एवं गुरुजनों को भी बधाई देते हुए कहा कि बच्चों की सफलता के पीछे परिवार के त्याग, संस्कार और शिक्षकों के मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में प्रवेश आपके जीवन का नया अध्याय है। ज्ञान के साथ संवेदनशीलता, सेवा भावना और मानवीय मूल्यों को हमेशा सर्वोच्च स्थान दें। भविष्य में चिकित्सक बनकर समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा करें और अपने कार्यों से ब्यावरा एवं मध्य प्रदेश का नाम रोशन करें।


रिपोर्टर