विशेष जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत सुठालिया में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पंवार एवं सांसद नागर ने किया जनसंवाद

राजगढ़ । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘विशेष जनसंपर्क अभियान’ के अंतर्गत प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग श्री नारायण सिंह पंवार एवं सांसद श्री रोडमल नागर ने ब्यावरा विधानसभा के सुठालिया मंडल क्षेत्र में पहुंचकर नागरिकों, वरिष्ठजनों एवं प्रबुद्धजनों का सम्मान कर उनसे संवाद किया। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिक श्री रामचरण पालीवाल, श्री बी.के. तिवारी, श्री कृष्ण मुरारी पालीवाल, श्री संजय पालीवाल, श्री प्रमोद पालीवाल, श्री मनोज पालीवाल, श्री रामदयाल, श्री अशोक अग्रवाल, श्री रामबाबू गुप्ता, श्री हुकमचंद सिलावट, श्री ओमप्रकाश पालीवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिकों से भेंट कर उनका सम्मान किया और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी साझा की।

इस दौरान राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की दिशा में अभूतपूर्व प्रगति की है। आज देश की पहचान एक सशक्त, सक्षम और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर बनी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय जहां मूलभूत सुविधाओं, पारदर्शी व्यवस्था और तेज विकास की कमी महसूस होती थी, वहीं प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में सरकार ने जन-जन तक विकास पहुंचाने का कार्य किया है। आज गरीबों को प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, जनधन योजना, स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के लंबे कार्यकाल में देश को अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ा, जबकि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने निर्णय लेने वाली, तेज गति से आगे बढ़ने वाली और जनहित को सर्वोपरि रखने वाली सरकार का अनुभव किया है। डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, वंदे भारत जैसी पहलें नए भारत की तस्वीर प्रस्तुत कर रही हैं।

सांसद श्री नागर ने कहा कि आज भारत की आवाज वैश्विक मंचों पर मजबूती से सुनी जा रही है। विदेशों में भारत के बढ़ते प्रभाव, आर्थिक प्रगति, रक्षा क्षमता, तकनीकी विकास और भारतीय संस्कृति के सम्मान में वृद्धि से हर देशवासी गौरवान्वित है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में विश्व के अनेक देश भारत के साथ मजबूत संबंधों और सहयोग के लिए आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ केंद्र सरकार निरंतर राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ा रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट